ग्वालियर: मुरार अस्पताल के एचडीयू वार्ड में धुएं से मची भगदड़, गर्भवती महिलाओं को लेकर भागे स्वजन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला एचडीयू वार्ड के बिजली बोर्ड पैनल में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की शंका जताई गई। वार्ड से धुआं निकलता देख वहां मौज...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 16 Oct 2026 05:14:31 PM (IST)Updated Date: Fri, 16 Oct 2026 05:14:58 PM (IST)
जला हुआ बिजली बोर्ड पैनल। नईदुनियाHighLights
- शार्ट सर्किट और गैस पाइप फटने को लेकर अलग-अलग दावे
- धुएं के गुबार से अस्पताल में फैला दहशत का माहौल
- अस्पताल स्टाफ की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिला अस्पताल मुरार के प्रसूति गृह स्थित महिला एचडीयू वार्ड में शुक्रवार की दोपहर में धुआं निकलने से अफरा-तफरी मच गई। वार्ड में भर्ती गर्भवती महिलाओं और उनके स्वजन में दहशत फैल गई। घबराए स्वजन महिलाओं को लेकर अस्पताल से बाहर की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। अस्पताल स्टाफ ने तत्काल स्थिति को संभाला, जिसके बाद मरीजों और उनके स्वजन ने राहत की सांस ली।
धुआं निकलता देख मच गया हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला एचडीयू वार्ड के बिजली बोर्ड पैनल में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की शंका जताई गई। वार्ड से धुआं निकलता देख वहां मौजूद मरीजों और स्वजन में हड़कंप मच गया। प्रसूति गृह में भर्ती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्वजन उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालने लगे। अचानक मची इस अफरा-तफरी के कारण कुछ देर तक अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रबंधन ने गैस पाइप फटने की बताई वजह
घटना को लेकर सिविल सर्जन डॉ. सीमा जायसवाल का कहना है कि गीजर का पाइप गैस के दबाव के कारण फट गया था, जिससे गैस निकली। वहीं, मरीजों के स्वजन का कहना था कि महिला एचडीयू वार्ड से धुआं निकल रहा था, जिसे देखकर वे घबरा गए और महिलाओं को लेकर बाहर आ गए।
घटना के बाद वार्ड में स्थिति सामान्य होने पर मरीजों और उनके स्वजन ने राहत महसूस की। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर अस्पताल प्रबंधन और मरीजों के स्वजन के बयानों में अंतर सामने आया है।