ग्वालियर। रसोई घर में गैस चूल्हे को सिलेंडर से कम से कम 6 इंज की ऊंचाई पर रखना चाहिए। जरा सी लापरवाही भारी पड़ जाती है, क्योंकि अगर गैस सिलेंडर से जरा भी गैस लीक हुई और चूल्हा बिलकुल नजदीक है तो आग तक लग सकती है। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से यह ऐहतियात बरतना जरूरी है, इसलिए नया कनेक्शन लेते समय उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी के लिए पुस्तिका उपलब्ध करवाई जाती है। यह पुस्तिका अगर एजेंसी संचालक नहीं देता है तो उससे मांगे, यह आपका अधिकार है। इस पुस्तिका की मदद से आप सुरक्षात्मक ढंग से एलपीजी का उपयोग कर सकते हैं।
कई बार देखने में आता है कि एलपीजी गैस के उपयोग के समय छोटी-छोटी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती हैं। इसे देखते हुए नईदुनिया द्वारा शुरू किए गए 'जानना जरूरी है' कॉलम में इस बार पाठकों तक एलपीजी के उपयोग की विस्तृत जानकारी पहुंचाई जा रही है। सबसे पहली सतर्कता रसोई घर में गैस चूल्हा और सिलेंडर को रखने की होती है। हमेशा चूल्हे को सिलेंडर से 6 इंच ऊपर समतल स्थल पर रखना चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से तो महत्वपूर्ण है ही और इसका दूसरा पहलू यह भी है कि गैस की सुचारू सप्लाई के लिए भी चूल्हा ऊपर रखा जाता है। अगर चूल्हा नीचे रखा जाए या फिर ऐसी जगह पर रखा जाए जिससे पाइप मुड़ जाता है तो इस स्थिति में गैस की सुचारू सप्लाई नहीं हो पाती। क्योंकि कई बार लिक्विड पाइप में फंस जाता है, जिससे गैस नहीं पहुंच पाती। इससे उपभोक्ता को ही परेशानी होती है।
सीधी हवा से बचाएं चूल्हे को, नहीं तो हो सकता है हादसाः
चूल्हे को हमेशा ऐसे स्थान पर रखना चाहिए, जहां सीधी हवा न लग रही हो। राधे इंडेन गैस एजेंसी के संचालक राधेश्याम शुक्ला ने बताया कि कई बार लोग विंडो के पास ही चूल्हा रख लेते हैं। ऐसे में कई बार हादसे हो जाते हैं। क्योंकि सीधी हवा लगने पर आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। सीधी हवा चूल्हे में लगती है तो लौ इधर-उधर भागती है। कई बार लौ से चिंगारी निकलकर आसपास गिर जाती है, जहां कपड़े या अन्य ज्वलनशील पद्घार्थ के संपर्क में आने से आग लग जाती है। इसके अलावा सीधी हवा लगने पर लौ धीमी हो जाती है और गैस उतनी ही लगती है। इससे उपभोक्ता को नुकसान होता है।
उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर जब खत्म हो जाता है तो उसे जमीन पर लिटाकर कई लोग पूरी गैस उपयोग करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में कई बार गैस लीक हो जाती है और हादसा हो सकता है। इसलिए ऐसा बिलकुल भी नहीं करना चाहिए। सिलेंडर को हमेशा सीधा रखकर ही उपयोग करना चाहिए।