MP High Court: दूसरी शादी से जन्मा बेटा भी अनुकंपा नियुक्ति के लिए पात्र, विवाहित बेटी का दावा मान्य
कोर्ट ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को दोनों की निर्भरता और परिवार की आर्थिक स्थिति जांचकर आठ सप्ताह में निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 02:13:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 02:40:02 PM (IST)
HighLights
- हिंदू विवाह की धारा 16 का दिया हवाला
- विवाहित बेटी का दावा खारिज नहीं होगा
- आठ सप्ताह में निर्णय लेने के निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने अनुकंपा नियुक्ति के मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि किसी कर्मचारी की दूसरी शादी से जन्मे बच्चे को केवल इस आधार पर नियुक्ति के लिए विचार से बाहर नहीं किया जा सकता।
इसी तरह विवाहित बेटी को भी सिर्फ शादीशुदा होने के कारण अनुकंपा नियुक्ति के लिए अयोग्य नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने बैंक को मृत कर्मचारी के दोनों बच्चों के दावों पर नए सिरे से विचार करने के निर्देश दिए हैं।
मृत कर्मचारी के बेटे-बेटी ने किया था आवेदन
मामले में मृत कर्मचारी के दूसरी शादी से जन्मे बेटे अभय शिवहरे ने अनुकंपा नियुक्ति का दावा किया था। बैंक ने 21 मई 2018 को यह कहते हुए उसका दावा खारिज कर दिया था कि उसके माता-पिता का विवाह कथित तौर पर वैध नहीं था। वहीं मृत कर्मचारी की पहली शादी से जन्मी बेटी नेहा शिवहरे ने भी अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। उसकी शादी 6 दिसंबर 2021 को हो चुकी है।
धारा 16 के तहत शून्य विवाह से जन्मे बच्चों को भी माना गया है वैध
जस्टिस आनंद सिंह बहारावत ने कहा कि हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 16 के तहत निर्धारित शर्तों के अधीन शून्य विवाह से जन्मे बच्चों को भी वैध माना गया है।
ऐसे में दूसरी शादी से जन्मे बच्चे को केवल माता-पिता के विवाह की स्थिति के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति के विचार से बाहर करना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के विपरीत है। बच्चे अपने माता-पिता का चुनाव नहीं करते, इसलिए उनके जन्म की परिस्थितियों के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति की योजना में यदि विवाहित बेटी को अयोग्य ठहराने का प्रविधान नहीं है, तो केवल शादी के आधार पर उसका दावा खारिज नहीं किया जा सकता। हालांकि अनुकंपा नियुक्ति किसी का स्वतः अधिकार नहीं है। इसके लिए योजना की पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी है।
आठ सप्ताह में नए सिरे से निर्णय लेना होगा
हाई कोर्ट ने बैंक को निर्देश दिया है कि वह दोनों बच्चों की मृत कर्मचारी पर निर्भरता, परिवार की आर्थिक स्थिति और योजना की अन्य पात्रता शर्तों की जांच कर आठ सप्ताह में कारण सहित निर्णय ले। यदि दोनों आश्रित पाए जाते हैं, तो बैंक उनकी परिस्थितियों और दावों का तुलनात्मक परीक्षण कर किसी एक को नियुक्ति देने का निर्णय कर सकता है। नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति पर दूसरे आश्रित को उचित आर्थिक सहायता देने की शर्त भी लगाई जा सकती है।