ग्वालियर में दो बुजुर्गों के साथ बर्बरता, नाती को डांटने पर बेटे ने 81 वर्षीय पिता का सिर फोड़ा
दोनों मामलों ने पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 10:24:03 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 11:09:13 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- नाती को डांटने पर बेटे ने की मारपीट
- मोतीमहल के पास बुजुर्ग पर जूते से हमला
- दोनों मामलों में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रविवार को शहर में दो बुजुर्गों के साथ बर्बरता के मामले सामने आए हैं। नई सड़क स्थित बृज बिहार कॉलोनी में 81 वर्षीय बुजुर्ग के साथ उनके बेटे ने ही बेरहमी से मारपीट की। डंडा मारकर सिर फोड़ दिया। फिर धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
नाती के डांटने पर बेटे को आया गुस्सा
चंद्र प्रकाश पुत्र बुलासीदास शिवहरे घर पर थे। उनके नाती अचल शिवहरे ने उनका मोबाइल फेंक दिया था। इस बात पर उन्होंने नाती को डांट दिया। नाती को डांटने पर उनका बेटा विवेक उर्फ विक्की शिवहरे गुस्से में आ गया। उसने पिता की मारपीट करना शुरू कर दी। बेटे ने गालियां दी, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनके बाएं कंधे में चोट आई। इसके बाद सिर में डंडा मार दिया। फिर जान से मारने की धमकी दी।
बुजुर्ग पर जूते से हमला चश्मा टूटने से आंख और नाक जख्मी
उधर, पड़ाव थाना क्षेत्र के मोतीमहल स्थित हनुमान मंदिर के पास मामूली विवाद में 64 वर्षीय जुगलकिशोर पर युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी अखिलेश भदौरिया ने बुजुर्ग को गालियां दीं और जूता उनके मुंह पर दे मारा।
जूता लगने से बुजुर्ग का टूट गया चश्मा
जूता लगने से बुजुर्ग का चश्मा टूट गया, जिससे कांच के टुकड़े चुभने से नाक और बायीं आंख पर गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपित ने बुजुर्ग का बायां हाथ मरोड़कर भी चोट पहुंचाई। आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद पीड़ित ने पड़ाव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसका मेडिकल कराया है और आरोपी की तलाश जारी है।