पराली जलाने के मामलों में MP की बड़ी गिरावट, ग्वालियर में सुधार पर श्योपुर-दतिया की स्थिति अब भी खराब
मप्र से अधिक 7,006 मामले पंजाब में दर्ज हुए हैं। तीसरे नंबर पर उप्र में 2029 व इसके बाद राजस्थान में 1796 मामले सामने आए हैं।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 08:42:00 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 08:54:38 AM (IST)
HighLights
- सैटेलाइट आंकड़ों में प्रदेश के मामले आधे से कम
- श्योपुर व दतिया अव्वल, जबलपुर तीसरे स्थान पर
- सुपर सीडर व कार्रवाई से ग्वालियर में कमी आई
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल/ ग्वालियर। बीते वर्षों में पराली जलाने से ग्वालियर का धुआं दिल्ली तक पहुंचने पर जब प्रदेश की किरकिरी हुई तो रोकथाम के उपाय भी शुरू हुए। किसानों को जागरूक करने के साथ ही पराली जलाने वालों पर कार्रवाई की गई। इसका प्रभाव यह हुआ कि वर्ष 2022 में 21 नवंबर तक पराली जलाने के 1477 मामले सामने आए थे, अब इनकी संख्या इस वर्ष इसी तारीख तक 558 है। अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष पराली जलाने की घटनाएं प्रदेश में कम हुई हैं।
वर्ष 2025 में 21 नवंबर तक सैटेलाइट फोटो से 11,925 मामले दर्ज किए थे, जो देश में सर्वाधिक थे। इस वर्ष इसी तारीख तक यह संख्या घटकर 5,209 है। मप्र से अधिक 7,006 मामले पंजाब में दर्ज हुए हैं। तीसरे नंबर पर उप्र में 2029 व इसके बाद राजस्थान में 1796 मामले सामने आए हैं।
दतिया में पिछले साल 1,185 की जगह इस वर्ष अब तक 899 मामले दर्ज
हमेशा शीर्ष पर रहने वाले जिलों में भी पिछले वर्ष की तुलना में घटनाएं कम हुई हैं, लेकिन प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले यहां अभी अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर श्योपुर में वर्ष 2025 में पराली जलाने की सर्वाधिक 1930 घटनाएं दर्ज की गईं, तो 2026 में भी सबसे अधिक 953 मामले यहीं के हैं। इसी तरह दतिया में पिछले साल 1,185 की जगह इस वर्ष अब तक 899 मामले दर्ज हो चुके हैं। यह प्रदेश में दूसरी सर्वाधिक संख्या है।
पराली जलाने में तीसरे नंबर पर जबलपुर
- बता दें, ग्वालियर में डबरा और भितरवार तहसीलों में पराली जलाने की घटनाएं अधिक हो रही थीं।
- यहां पंजाब के किसानों ने खेतों को ठेके पर लेकर धान की खेती प्रारंभ की है पराली प्रबंधन की भी पंजाब की
- तरह किया जा रहा है।
- उदाहरण के तौर पर रबी की बोवनी में पराली को खेत में मिलाने के लिए सुपर सीडर और हैप्पी सीडर यंत्रों का उपयोग किया जा रहा है।
- किसानों के विरुद्ध एफआइआर की कार्रवाई भी की गई हैं, जिससे कमी आई है।
- 15 सितंबर से 21 नवंबर तक की स्थिति की बात करें तो इस वर्ष सर्वाधिक संख्या में तीसरे नंबर पर जबलपुर है।
- यहां 592 मामले सामने आए हैं, जबकि 2025 में 959 थे।