अनूप भार्गव, नईदुनिया, ग्वालियर। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर मेडिकल उपकरण उद्योग की सप्लाई चेन पर पड़ा है। इसके चलते ग्वालियर समेत प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में सिरिंज, आईवी सेट, ग्लब्स और कैथेटर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इन उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला मेडिकल-ग्रेड पालीप्रोपाइलीन 30 से 50 प्रतिशत तक महंगा हो गया है।
लागत बढ़ने के कारण कंपनियों ने सामग्री की आपूर्ति रोक दी है। वहीं, नई दरों पर रेट कांट्रेक्ट नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है।
टेंडर और रेट कांट्रेक्ट नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया प्रभावित
सरकारी अस्पतालों में मेडिकल उपकरणों की बड़ी मात्रा टेंडर और रेट कांट्रेक्ट के जरिए खरीदी जाती है। कंपनियां तय दरों पर निश्चित अवधि तक सामग्री उपलब्ध कराती हैं। कच्चे माल की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से पुराने रेट पर उत्पादन और आपूर्ति करना कंपनियों के लिए घाटे का सौदा बन गया है। निर्माता बढ़ी लागत के अनुरूप कीमत चाहते हैं, जबकि सरकारी खरीद व्यवस्था में नई दरें तय करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इससे खरीदी अटकी हुई है।
134 रुपये का सामान 200 रुपये में, कैथेटर के दाम दोगुने
सर्जिकल कारोबारियों के मुताबिक, कच्चे माल की महंगाई का असर मेडिकल उपकरणों के बाजार भाव पर दिखने लगा है। पहले 134 रुपये में मिलने वाला सर्जिकल सामान अब करीब 200 रुपये का हो गया है। पांच एमएल की सिरिंज की कार्पोरेशन खरीद दर 1.89 रुपये थी, जो बढ़कर करीब दो रुपये होने का अनुमान है। आइवी सेट की कीमत पांच रुपये से बढ़कर 7.50 रुपये और कैथेटर की कीमत 25 रुपये से बढ़कर करीब 50 रुपये तक पहुंचने की संभावना है। कुछ उत्पादों की लागत में इतना अंतर आ गया है कि निर्माता पुराने अनुबंध के तहत आपूर्ति को तैयार नहीं हैं।
रोजाना इस्तेमाल होने वाले उपकरणों पर निर्भर इलाज
सिरिंज, आइवी बैग, आइवी सेट और कैथेटर अस्पतालों की बुनियादी जरूरतें हैं। इनके बिना सामान्य उपचार से लेकर गंभीर मरीजों के प्रबंधन तक में मुश्किल हो सकती है। आपूर्ति प्रभावित होने से अस्पतालों के बजट और नियमित संचालन पर दबाव बढ़ेगा। नई दरों पर जल्द फैसला नहीं हुआ और वैकल्पिक खरीद व्यवस्था नहीं बनी तो उपलब्ध स्टाक पर निर्भरता बढ़ सकती है।
ग्वालियर के सरकारी अस्पतालों में स्थिति
जिले के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति सीएमएचओ व सिविल सर्जन के दवा स्टोर से होती है। जयारोग्य अस्पताल समूह (जेएएच) में सामग्री सेंट्रल मेडिसिन स्टोर के जरिए पहुंचाई जाती है। जेएएच के मुख्य स्टोर में सिरिंज, आइवी सेट समेत कई सर्जिकल सामान का स्टाक खत्म होने से संकट बना हुआ है। सिविल सर्जन स्टोर में भी सिरिंज की सप्लाई प्रभावित है। इसका असर मरीजों और उनके स्वजन पर पड़ रहा है। खासकर गरीब मरीजों को इलाज के साथ जरूरी सामग्री का खर्च उठाना पड़ रहा है।
पश्चिम एशिया के युद्ध का इसलिए पड़ रहा असर
मेडिकल सामान के उत्पादन में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस आधारित पेट्रोकेमिकल, एथिलीन और नमक से बनने वाली औद्योगिक रसायन शृंखला, ब्यूटाडाइन और एक्रिलोनाइट्राइल, रबर के पेड़ों का दूध, सिलिका (क्वार्ट्ज) से बनने वाली सिलिकान रसायन शृंखला तथा लौह एवं मिश्रधातु जैसे कच्चे माल का उपयोग होता है।
इनके आयात के प्रमुख स्रोतों में चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, ताइवान, अमेरिका और खाड़ी देश (सऊदी अरब, कतर आदि) शामिल हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री परिवहन बाधित होने से तेल, गैस और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित है। कच्चे माल की कीमत, माल ढुलाई और बीमा महंगा हो गया है।
सर्जिकल सामान के साथ दवाओं की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। हम आर्डर लगा रहे हैं, लेकिन सप्लाई नहीं हुई है। कई आर्डर कैंसिल भी हुए हैं। -डॉ. देवेन्द्र सिंह कुशवाह, नोडल अधिकारी, सेंट्रल मेडिसिन स्टोर, जेएएच।