ग्वालियर में त्योहारों पर बिक गई संदिग्ध मिठाई, भोपाल लैब से 749 नमूनों की अब तक नहीं आ पाई जांच रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के अनुसार नमूना प्रयोगशाला पहुंचने के 14 दिन के भीतर रिपोर्ट जारी होनी चाहिए।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 12:03:25 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 12:03:52 PM (IST)
गाड़ी से मावा का सैंपल लेते अधिकारी। नईदुनिया आर्काइवHighLights
- रक्षाबंधन और दीपावली के सैंपल भी लंबित
- 14 दिन में आनी चाहिए खाद्य नमूनों की रिपोर्ट
- सात साल बाद भी ग्वालियर में लैब तैयार नहीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों ने कारोबार बढ़ाया तो खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी खूब नमूने लिए। यही कहानी दोनों ओर से दीपावली पर भी दोहराई गई। इधर, त्योहारों पर बनने वाली हजारों कुंतल मिठाई बिक गई और लोगों ने हजम भी कर ली। लोगों का पेट भर गया और हलवाई की तिजोरी, लेकिन जांच के लिए भेजे गए सैंपल अभी भी भोपाल लैब में अपनी जांच की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
नियमों के अनुसार 14 दिन में आना चाहिर रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के अनुसार नमूना प्रयोगशाला पहुंचने के 14 दिन के भीतर रिपोर्ट जारी होनी चाहिए। रिपोर्ट में देरी होने पर कारण सहित आयुक्त खाद्य सुरक्षा को सूचना देना जरूरी है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में नमूनों की रिपोर्ट लंबित हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी लोकेंद्र सिंह के अनुसार भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से एक अप्रैल से 20 नवंबर के बीच लिए गए 749 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। विभाग की ओर से रिपोर्ट जल्द भेजने के लिए लैब को रिमाइंडर भी भेजे गए हैं।
सात साल बाद भी अपनी लैब नहीं
ग्वालियर में फूड एंड ड्रग लैब का भूमिपूजन अक्टूबर 2019 में हुआ था। इसे जुलाई 2022 तक तैयार होना था। लेकिन, सात साल बाद भी अफसर छह माह और इंतजार करने की बात कर रहे हैं।
राज्य स्तरीय लैब को जांच रिपोर्ट भेजने के लिए रिमाइंडर भेजे गए हैं। हमारी टीम नमूने लेने की कार्रवाई लगातार कर रही हैं। - डॉ. एमएस सागर, अभिहित अधिकारी व सीएमएचओ