
ग्वालियर। स्वाइन फ्लू( Swine flu) से मंगलवार रात एक और महिला मरीज की मौत हो गई। फरवरी में स्वाइन फ्लू से अब तक 4 मौत हो चुकी हैं। बीते रोज 3 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आए थे, जिसमें से दो दिल्ली रेफर हो गए। केआरएच में भर्ती महिला 8 माह की गर्भवती है, जिसके चेकअप के लिए स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 3 बार कॉल किया गया। इसके बाद भी कोई डॉक्टर देखने नहीं आया, बीती रात परिजन लामा कराकर मरीज को दिल्ली ले गए। वहीं एक 8 साल के बच्चे की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम को काफी खोजने के बाद भी बच्चा नहीं मिला है। बुधवार को भी 5 सैंपल जांच के लिए डीआरडीओ भेजे गए हैं।
लाला का बाजार निवासी 49 वर्षीय महिला को 8 दिन पहले दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आई थी। परिजनों ने जब स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से चर्चा की तो स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मानने से इनकार कर दिया। ऐसे में परिजनों को दवा हासिल करने में भी खासी मशक्कत करना पड़ी थी। 4 दिन पहले महिला की किडनी फेल हो गई थी, तब से डायलिसिस पर थी। महिला ने मंगलवार की करीब रात 12 बजे दम तोड़ दिया। मृतका के शव को बुधवार की सुबह ग्वालियर लाया गया और दाह संस्कार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक मृतका के घर नहीं पहुंची है। इसलिए परिजनों की जांच भी नहीं हो सकी है।
देहरादून में विवाह से लौटने के बाद से बिगड़ी थी तबीयत
हेमसिंह की परेड निवासी 8 माह की गर्भवती महिला स्वाइन फ्लू पॉजीटिव आई। महिला को शुक्रवार को केआरएच में भर्ती कराया गया। मंगलवार को रिपोर्ट आई, जिसमें महिला स्वाइन फ्लू पॉजीटिव बताई गई। महिला के चेकअप के लिए मेडिसिन विभाग से स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को 3 बार कॉल किए गए, लेकिन कोई भी परीक्षण के लिए नहीं आया। मंगलवार रात 12 बजे परिजन महिला को डिस्चार्ज कराकर दिल्ली के एम्स अस्पताल में ले गए
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू पॉजीटिव महिला यदि गर्भवती है तो इसे हाई रिस्क केस माना जाता है। वहीं बिरला अस्पताल में मुरार निवासी महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद परिजन दिल्ली लेकर रवाना हो गए। महिला के बारे में पता चला है कि वह देहरादून से विवाह समारोह से लौटी थी। इसके बाद से ही तबियत बिगड़ी हुई थी।
तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव, इनमें एक 8 साल का बच्चा
मंगलवार को तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इनमें एक 8 साल का बच्चा भी है। यह सैंपल जेएएच से आना बताया जा रहा है। जबकि जेएएच में बाल एवं शिशु रोग विभाग के एचओडी इस नाम के किसी बच्चे के भर्ती होने से इनकार कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह से सैंपल भेजने के लिए भरे गए फॉर्म में दर्ज हरिशंकरपुरम के पते पर बच्चे को खोज रही है। अब तक कुछ पता नहीं चला है कि बच्चा कहां है। इसलिए परिजनों का चेकअप एवं दवाएं तक नहीं दी जा सकी है।
5 सैंपल, एक वीआईपी भी भती
जयारोग्य अस्पताल के स्वाइन फ्लू वार्ड में बुधवार को 4 संदिग्ध मरीज भर्ती किए गए हैं। जिनके सैंपल जांच के लिए डीआरडीओ भेजे गए हैं। इसके अलावा एक सैंपल बिरला अस्पताल से भी भेजा है। खास बात ये है कि एक वीआईपी मरीज भी भर्ती हुआ है, हालांकि सैंपल गुरुवार को जांच के लिए जाएगा।
ये बरतें सावधानियां
-सर्दी-जुकाम होने पर तत्काल डॉक्टर से चेकअप कराएं।
-भीड़ वाले इलाके में जाने से बचें।
-ट्रेन, बस में बहुत जरूरत होने पर ही सफर करें।
-मुंह पर मास्क का प्रयोग करें।
निवास पर गई थी टीम
हमारी टीम उनके निवास पर 15 फरवरी को गई थी। दवा भी हमने उनको उपलब्ध करवा दी थी। स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट हमने मेडिसिन विशेषज्ञों को दिखवाई, वह इनकार कर रहे हैं। अब हमने डीआरडीओ को पत्र लिखा है। उनके लिखित जवाब आने के बाद ही तय होगा कि मृतका स्वाइन फ्लू पॉजीटिव थी या नहीं।
-डॉ. महेन्द्र पिपरोलिया, महामारी विशेषज्ञ
वैसे ऐसा नहीं हो सकता कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को कॉल किया जाए और कोई देखने नहीं आए। यदि ऐसा हुआ है तो मामला गंभीर है, मैं मेडिसिन विभाग के चिकित्सक एवं गायनिक विभाग में बात करूंगा।
- डॉ. अशोक मिश्रा, अधीक्षक जेएएच