टैक्सी ड्राइवर आत्महत्या मामले में पत्नी समेत 4 पर केस, मोबाइल के वीडियो से खुले राज
पुलिस ने पत्नी आरती शाक्य, सास शकुंतला, साली रानी और साढ़ू छोटू शाक्य के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 01:21:00 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 01:43:40 PM (IST)
टैक्सी ड्राइवर सुरेश शाक्य का फाइल फोटो।HighLights
- 13 सेकंड के वीडियो में बताया फोन-पे पासवर्ड
- प्रताड़ना के आरोपों को लेकर दर्ज हुई एफआईआर
- मौत से दो दिन पहले दर्ज हुआ था दहेज केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित सरकारी मल्टी में रहने वाले 42 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर सुरेश शाक्य की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को FIR दर्ज कर ली है। जांच और मृतक के मोबाइल से मिले दो वीडियो के आधार पर पुलिस ने पत्नी आरती शाक्य, सास शकुंतला, साली रानी और साढ़ू छोटू शाक्य के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
टैक्सी ड्राइवर सुरेश ने 14 जुलाई को लगाई फांसी
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार जाटव के अनुसार, कल्लू शाक्य के पुत्र सुरेश शाक्य ने 14 जुलाई को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वह अपनी पत्नी आरती व बच्चों के साथ महलगांव की सरकारी मल्टी में रहता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अन्य मकान में रहते हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेश की मौत से ठीक दो दिन पहले उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था।
इसके अलावा जांच के दौरान यह तथ्य भी उभरा कि सुरेश अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिस वजह से दोनों के बीच आए दिन झगड़े और तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
पड़ताल में ऐसे मिले सबूत
- मृतक के मोबाइल फोन से पुलिस को दो वीडियो मिलीं। यह वीडियो 13 सेकंड का था।
- इसमें सुरेश स्वजन को अपने फोन-पे का पासवर्ड बता रहा है, ताकि उसके बैंक में जमा रुपये निकाले जा सकें।
- इसके बाद एक और वीडियो मिला। यह वीडियो एक मिनट 28 सेकंड का है।
- इसमें उसने पत्नी आरती, सास शकुंतला, साली रानी और छोटू शाक्य द्वारा प्रताड़ित किए जाने का जिक्र किया।
- यह दोनों वीडियो स्वजन ने पुलिस को दिए। इसके बाद स्वजन के बयान भी पुलिस ने दर्ज किए।
- इससे पुष्टि हुई कि इन लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
- फिर उस पर पत्नी ने दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया।
- इसके चलते पुलिस ने पत्नी सहित अन्य ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया।