
-कारीडोर आधारित सर्वे की ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार कर चुकी है यूएमटीसी
ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। वर्ष 2042 तक के शहर विकास के लिए अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी (यूएमटीसी) ने कारीडोर आधारित सर्वे पूरा कर लिया है और इसका एक ड्राफ्ट रिपोर्ट भी नगर निगम अफसरों को दिखाई है। अब कंपनी द्वारा मोबिलिटी प्लान की दिशा में ट्रांजिट आधारित सर्वे शुरू किया जाएगा। इसके अंतर्गत शहर में मेट्रो, बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (बीआरटीएस) और नैरोगेज को लाइट रेलवे में तब्दील कर संचालन करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसमें देखा जाएगा कि शहर की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकता के आधार पर किस विकल्प को लागू करना बेहतर रहेगा। कंपनी जल्द ही इसके लिए काम शुरू कर देगी।
भोपाल और इंदौर में वर्तमान में मेट्रो ट्रेन का काम चल रहा है। इसके अलावा इन महानगरों में बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (बीआरटीएस) भी बना हुआ है। इसके चलते ट्रांसपोर्ट के मामले में वहां की स्थिति बेहतर है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने ग्वालियर को भी मेट्रो की सौगात देने की सूची में रखा है और अब उसी दिशा में सर्वे का काम किया जाएगा। हालांकि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बंद हो चुकी नैरोगेज को सिटी ट्रेन के रूप में चलाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को दे रखा है। ऐसे में अब लाइट रेलवे की संभावनाएं देखी जाएंगी। कारीडोर सर्वे में यह बात सामने आई है कि वर्ष 2042 तक 300 से 350 बसें चलाने की आवश्यकता होगी। ऐसे में उसके लिए विशेष बीआरटीएस कारीडोर की आवश्यकता पड़ सकती है। सर्वे में इसका भी ख्याल रखा जाएगा।
660 वर्ग किमी एरिया का है प्लानः अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी ट्रांजिट आधारित सर्वे भी 660 वर्ग किमी एरिया के हिसाब से करेगी, जिसमें विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) का 126 वर्ग किमी इलाका भी शामिल है। अभी कारीडोर आधारित सर्वे में 23 सड़कों की चौड़ाई बढ़ाकर उन्हें फोर लेन और सिक्स लेन में तब्दील करने के साथ ही तीन रिंग रोड तैयार करने का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही शहर में फ्लाई ओवर, एलिवेटेड रोड, चौराहों व लेफ्ट-राइट टर्न सुधारने के लिए जरूरी कार्रवाई की जानकारी भी प्लान में दी गई है।
वर्जन-
शहर में मेट्रो, बीआरटीएस या लाइट रेल की संभावना को तलाशने के लिए ट्रांजिट आधारित सर्वे होगा। अभी हमने कारीडोर आधारित सर्वे किया है और उसकी बारीकियों से अफसरों को अवगत कराया है।
रवि कृष्णा, मैनेजर, अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी