दुष्कर्म से आहत होकर किशोरी ने लगाई थी फांसी, आत्महत्या के 2 साल बाद अज्ञात पर एफआईआर
जनकगंज थाना पुलिस ने इस मामले में बीते रोज अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म एवं आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 06:16:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 06:17:58 PM (IST)
HighLights
- 2024 में घर पर लगाई थी फांसी
- मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि
- संदेही की पहचान के लिए मोबाइल की पड़ताल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के जनकगंज इलाके में दो साल पहले एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मेडिकल जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। दो साल से पुलिस इस मामले की जांच में लगी है। अब अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी कौन है, जिसने किशोरी के साथ गलत काम किया। यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्वजन घर लौटकर आए तो फांसी के फंदे पर लटकी मिली किशोरी
जनकगंज स्थित सिकरवारी मोहल्ले में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के माता-पिता 24 सितंबर 2024 को घर से बाहर गए थे। घर पर वह अकेली थी। इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। जब उसके स्वजन घर लौटकर आए तो फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।
फोरेंसिक जांच भी कराई गई थी। उसका वेजाइनल स्वाब भी लिया गया था, इसमें उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। जनकगंज थाना पुलिस ने इस मामले में बीते रोज अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म एवं आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
आरोपी तक पहुंचने के लिए मोबाइल की पड़ताल
पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए मृतका के मोबाइल की पड़ताल करेगी। एक नाम पुलिस को पता भी लगा है। जिसके बारे में तस्दीक की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है- जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।