ग्वालियर में कांच फोड़ गैंग का आतंक, सात दिन में 4 गाड़ियों में तोड़फोड़
इन दिनों कांच फोड़ गैंग पूरी तरह सक्रिय है, जो रात के समय घरों के बाहर खड़े वाहनों को अपना निशाना बना रही है।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 11:01:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 11:26:07 AM (IST)
माधौगंज क्षेत्र में शरारती तत्वों ने गाड़ी के कांच फोड़े। नईदुनियाHighLights
- रात में घरों के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़
- असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बना क्षेत्र
- शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई न होने से नाराजगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के माधवगंज स्थित गुढा इलाके में वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। क्षेत्र में इन दिनों 'कांच फोड़ गैंग' पूरी तरह सक्रिय है, जो रात के समय घरों के बाहर खड़े वाहनों को अपना निशाना बना रही है। महज सात दिनों के भीतर वाहनों के कांच तोड़े जाने की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
साईं बाबा मंदिर इलाके में आया ताजा मामला
ताजा मामले में रात 1:30 बजे साईं बाबा मंदिर के आगे सुप्रभा हाई स्कूल वाली गली में अज्ञात युवकों ने घर के बाहर खड़े एक वाहन के कांच तोड़ दिए। वाहन मालिक चेतन मोरे ने बताया कि उनके घर के बाहर गाड़ी खड़ी थी। रात करीब 1.30 बजे किसी सिरफिरे ने पत्थर मारकर कांच फोड़ दिया। कांच फूटने की आवाज सुनकर वह घर के बाहर आए, तब पता लगा। इससे दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी टमटम और मोटरसाइकिल पर पत्थर मारकर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। टमटम मालिक सोनम सिंह कुशवाह ने भी थाने में शिकायत की है।
असामाजिक तत्वों का अड्डा बना क्षेत्र
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गली में असामाजिक तत्वों का भारी जमावड़ा रहता है। शराबी और जुआरियों ने इस जगह को अपना अड्डा बना लिया है। यह लोग शराब और गांजे का नशा करने के बाद मोहल्ले के लोगों को परेशान करते हैं, टोकने पर झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में थाने में कई बार शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
क्षेत्र में इस तरह के उपद्रव और गैंग के सक्रिय होने से थाना माधवगंज की माइक्रो बीट प्रणाली और रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।