नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में इन दिनों झपटमार बड़ा सिरदर्द बन गए हैं। पिछले एक महीने में झपटमारी की कई वारदात हुई हैं। सीसीटीवी कैमरे में भी झपटमार कैद हो रहे हैं, लेकिन पुलिस इन्हें पकड़ नहीं पा रही। इसकी वजह है- बाहरी बदमाश शहर में सक्रिय हैं। जो वारदात करते ही शहर से भाग जाते हैं। हालांकि बीते रोज बहोड़ापुर इलाके में लूट कर भागे लुटेरे ओम तोमर को पुलिस ने तिघरा क्षेत्र में पकड़ लिया। जिससे कंपू में हुई लूट का भी राजफाश हो गया था। जब बदमाश पकड़ा गया तब उसने कंपू की लूट का खुलासा किया। पुलिस ने तो इसे दबा ही दिया था। आरोपित ओम वाहन चोन भी निकला। उसने जयारोग्य अस्पताल से गाड़ी चोरी की थी। इससे ही लूट की।
केस नंबर 1 - मोहना क्षेत्र में रहने वाली चंद्रप्रभा तिवारी ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह ब्यूटी पार्लर बंद कर सात जून को अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो लुटेरे उनकी एक तोला वजनी सोने की चेन लूट ले गए। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में भी नजर आए, लेकिन अब तक यह वारदात नहीं खुली है।
इस घटना में घटनास्थल पर कैमरे लगे थे, जिसमें बदमाश नजर आए। आगे पूरे रूट पर कैमरे नहीं है। इसलिए रूट ट्रैक नहीं हो सका। कुछ संदेहियों से लगातार पूछताछ चल रही है।
- रशीद खान थाना प्रभारी मोहना
केस नंबर 2 - 28 जून को बहोड़ापुर इलाके में बाइक सवार लुटेरा वृद्धा गीता पत्नी घनश्याम गुप्ता की सोने की चेन लूट ले गए। वह अपनी बेटी के साथ लौट रही थीं। उनकी बेटी ने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन बदमाश तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाकर निकल गए।
अपराधी अभी तक चिन्हित नहीं हो सके हैं। फुटेज से रूट देखा है। इस पर काम चल रहा है।
- जितेंद्र सिंह तोमरथाना प्रभारी, बहोड़ापुर