नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दशहरे के अवसर पर गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में वन्य प्राणियों को गोद लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान सभापति मनोज सिंह तोमर ने एक घड़ियाल, नेता प्रतिपक्ष हरिपाल ने एक अजगर, निगमायुक्त अमन वैष्णव ने देसी मोर, जनसंपर्क अधिकारी पवन शर्मा ने बंदर, अधीक्षण यंत्री डा. अतिबल सिंह यादव ने दो बर्न आउल, कार्यशाला प्रभारी पुष्पेंद्र श्रीवास्तव ने दो कछुए, कार्यपालन यंत्री श्रीकांत कांटे ने एक हिरण, चिड़ियाघर प्रभारी डा. उपेंद्र यादव ने लंगूर और क्यूरेटर गौरव परिहार ने दो कोबरा सांपों को गोद लिया।
दरअसल, नगर निगम द्वारा संचालित गांधी प्राणी उद्यान चिड़ियाघर में विभिन्न प्रजाति के सैकड़ों वन्य जीव रहते हैं। इनमें शाकाहारी, मांसाहारी और पंछी शामिल हैं। इन प्राणियों के प्रतिदिन भोजन और दवाइयों आदि का प्रबंध नगर निगम द्वारा किया जाता है। दशहरे के पर्व पर चिड़ियाघर प्रबंधन द्वारा वन प्राणियों को गोद देने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
प्रक्रिया के अनुसार गोद लिए गए वन्यजीव की खुराक के अनुसार उसका सालाना खर्चा चिड़ियाघर प्रबंधन के पास जमा कराकर रसीद प्राप्त की जा सकती है। इसी दौरान नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शनिवार को गांधी प्राणी उद्यान में दशहरे का पूजन किया। इसके बाद वन्य प्राणियों को गोद लेकर इस प्रक्रिया की शुरूआत की। निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें और अपनी पसंद के वन्यजीवों को गोद लेकर पुण्य कमाएं।