‘जब मर्द चाहे हंसो, चाहे तो रोओ...’ शादी के 4 महीने बाद फांसी लगाने वाली रजनी की डायरी से खुले प्रताड़ना के राज
ग्वालियर क्राइम समाचार: मूल रूप से गौहरगंज, रायसेन की रहने वाली रजनी की शादी करीब चार महीने पहले ग्वालियर निवासी रिंकू से हुई थी। पुलिस के अनुसार, सोम...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 03:49:48 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 03:50:30 PM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- 4 पन्नों में बयां किया दर्द
- सास के ताने और पति की बेरुखी
- जांच में जुटी ग्वालियर पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ‘जब मर्द चाहे कि उसके सामने औरत हंसे तो वह हंसे और मर्द चाहे कि वह रोए तो औरत रोए। ऐसा क्यों...’ शादी के महज चार महीने बाद जान गंवाने वाली रजनी कुशवाह की डायरी के ये शब्द उसके वैवाहिक जीवन की पीड़ा को बयां करते हैं।
रायसेन की रजनी की ग्वालियर के रिंकू से हुई थी
ग्वालियर के चावड़ी बाजार निवासी रजनी ने मौत से पहले डायरी के 4 पन्नों में पति की कथित बेरुखी, सास के ताने, दहेज और ससुराल में मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है। रजनी के भाई ने ये पन्ने पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस अब डायरी में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच कर रही है। मूल रूप से गौहरगंज, रायसेन की रहने वाली रजनी की शादी करीब चार महीने पहले ग्वालियर निवासी रिंकू से हुई थी। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात रजनी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वह तीसरी बार मायके से ससुराल आई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
‘काम करूं तो भी मैं ही सुन रही हूं, न करूं तो भी’
डायरी में रजनी ने लिखा कि ससुराल में वह हर काम डर-डरकर करती थी। उसके मुताबिक, कोई काम करने पर सास कहती थीं कि यह ऐसे क्यों किया और वैसे क्यों नहीं किया। उसने लिखा कि मायके में वह काम खुले मन से करती थी, लेकिन ससुराल में झाड़ू उठाने से लेकर किचन के काम तक में उसे डर लगा रहता था कि सास क्या कहेंगी।
रजनी ने पति के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए। उसने लिखा कि वह बीमार रही या पीरियड्स के दौरान तकलीफ में रही, पति ने उसका हालचाल नहीं पूछा। उसके अनुसार वह रात में देर तक रोती रहती थी, लेकिन पति को कोई फर्क नहीं पड़ता था।
घूमने जाने की बात पर भी हुआ विवाद
रजनी ने एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा कि वह पति के साथ घूमने जाना चाहती थी। पति करीब 8:15 बजे घर आए। वह खाना बना चुकी थी और तैयार भी थी। बातचीत के दौरान पति ने कथित तौर पर उसके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया और उसकी बात मानने से इनकार कर दिया। डायरी में रजनी ने लिखा कि इसके बाद भी पति उससे उल्टा-सीधा बोलते रहे।
व्रत के लिए घी तक नहीं मिला तो लिखा- ‘बाबा, आपने मेरे साथ उल्टा क्यों किया’
डायरी के एक हिस्से में रजनी ने 11 सितंबर को ग्यारस के व्रत का जिक्र किया है। उसने लिखा कि घर में खिचड़ी बनाने के लिए घी नहीं था। सास से मांगने पर उन्होंने घी खत्म होने की बात कही। इसके बाद वह जेठानी से घी लेकर आई और खिचड़ी बनाई। रजनी ने लिखा कि ससुराल में व्रत रखने या न रखने से किसी को फर्क नहीं पड़ता और व्रत की सामग्री लाने वाला भी कोई नहीं है। इसी पीड़ा के बीच उसने भगवान से अपनी स्थिति को लेकर सवाल किया।
पढ़ाई पूरी की, 7 साल अतिथि शिक्षक रही
रजनी ने एमए, बीएड, पीजीडीसीए और बी.लिब की पढ़ाई की थी। वह करीब सात वर्ष तक गौहरगंज में अतिथि शिक्षक के रूप में काम कर चुकी थी और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। उसके भाई का आरोप है कि ससुराल में उसकी पढ़ाई को लेकर भी ताने दिए जाते थे। पति रिंकू बीटेक हैं और डबरा तहसील में एक प्रोजेक्ट पर काम करते हैं।
4 साल पहले भी हुई थी रिश्ते की बात
परिवार के अनुसार, रजनी और रिंकू के रिश्ते की बात करीब चार साल पहले भी चली थी। उस समय पत्रिका मिलान नहीं होने के कारण रिश्ता आगे नहीं बढ़ा था। चार साल बाद दोनों परिवारों के बीच फिर बातचीत हुई और शादी हुई।
डायरी के आधार पर होगी कार्रवाई
जनकगंज थाना प्रभारी अतुल सिंह सोलंकी ने बताया कि मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से संबंधित डायरी के पन्ने पुलिस को सौंपे हैं। डायरी में लिखी बातों और हैंडराइटिंग की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पति और सास के खिलाफ सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।