कुत्ते को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से काटा, 15 मिनट तड़पने के बाद मौत; वीडियो हुआ वायरल
घायल कुत्ता मौके पर ही तड़पते हुए मर गया। इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते को भी कुल्हाड़ी से मारने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। कॉलोनी के लोगों के अन...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 09:56:55 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 09:57:33 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- पड़ोसी होमी जाटव पर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप
- दूसरा कुत्ता भागा, महिला ने भागकर बचाई जान
- पुलिस ने वीडियो का किया सत्यापन, पशु क्रूरता का केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में सोमवार शाम एक व्यक्ति द्वारा कुत्ते पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के वीडियो में एक व्यक्ति कुत्ते को दौड़ाकर उस पर कुल्हाड़ी से वार करता दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, हमले के बाद कुत्ता करीब 15 मिनट तक तड़पता रहा, फिर उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह भागकर बच गया। पुलिस वीडियो का सत्यापन कर मामले की जांच कर रही है।
पड़ोसी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर कालोनी में घूम रहे कुत्तों के पीछे दौड़ा
पीएचई कालोनी निवासी नरेंद्र अहिरवार के अनुसार, सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे वह घर के बाहर बैठे थे। परिवार की महिलाएं और बच्चे भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी होमी जाटव हाथ में कुल्हाड़ी लेकर कालोनी में घूम रहे कुत्तों के पीछे दौड़ने लगे।
दौड़ाकर पकड़ा और किए कई वार
नरेंद्र का आरोप है कि होमी जाटव ने एक कुत्ते को दौड़ाकर पकड़ लिया और उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। पहले वार में कुत्ता जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी उस पर हमला किया गया। घायल कुत्ता मौके पर ही तड़पते हुए मर गया। इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते को भी कुल्हाड़ी से मारने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। कॉलोनी के लोगों के अनुसार वे इन कुत्तों को खाना खिलाते हैं।
नरेंद्र ने बताया कि हमले के दौरान उनके छोटे भाई की पत्नी भी चपेट में आने से बाल-बाल बचीं। उन्होंने घर के अंदर जाकर खुद को सुरक्षित किया। नरेंद्र ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया तो वह उनसे विवाद करने लगा।
पुलिस को दिया आवेदन
घटना के बाद नरेंद्र अहिरवार ने हजीरा थाने में शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि होमी जाटव आए दिन विवाद करता है और हथियार लेकर लोगों को डराता है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते को मारता दिखाई दे रहा है।
इस संबंध में पीएचई कालोनी निवासी रोशनी नाम की महिला ने हजीरा थाने में आवेदन दिया है। पुलिस वीडियो का सत्यापन कर रही है।
प्रथम दृष्टया वीडियो में कुत्ते को मारने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।