नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर (Gwalior News)। मध्य प्रदेश में ग्वालियर के बालिका गृह से छात्रा को किडनैप करने के मामले में एक नया मोड आ गया है। जांच में पता चला है कि वो खुद ही भागी थी। उसके साथ रहने वाली लड़कियों ने बताया कि उसने चैलेंज देकर सभी से बोला था, 'गुरु पूर्णिमा तक यहां नहीं रहूंगी। ब्वॉयफ्रेंड मुझे आजाद कराकर ले जाएगा।'
छात्रा ने यह भी कहा था कि 'मुझे कोई रोक नहीं पाएगा।' सभी उसकी बातों को मजाक समझ रहे थे, लेकिन आखिर में हुआ वहीं जैसा उसने बोला था। बालिका गृह से 16 वर्षीय किशोरी को फिल्मी स्टाइल में अगवा कर लिया गया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था।
सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग किशोरी का हाथ पकड़कर ले जाते हुए बाहर निकलते हुए दिख रहे थे। पुलिस को इससे कुछ संदेह हुआ, तो जांच की। इसमें सामने आया कि किशोरी दो बार पहले भाग चुकी है। उसे भोपाल से बरामद किया गया था। वह अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ भागी थी।
इस बार भी पुलिस को यही संदेह था। पुलिस जब ब्वॉयफ्रेंड अरुण उर्फ भीमा माहौर के घर पहुंची, तो वह भी गायब मिला। पुलिसकर्मी ने जब बालिका गृह में रह रहीं कुछ अन्य किशोरियों से बात की तो उन्होंने बताया था कि वह चैलेंज देकर गई है। उसने पहले ही बता दिया था कि वह गुरु पूर्णिमा से पहले आजाद हो जाएगी। उसका प्यार उसे ले जाएगा।
इस मामले में पुलिस ने अभी तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ किशोरी व मुख्य आरोपित नहीं लगा है। हालांकि पुलिस लगातार किशोरी व उसके प्रेमी को तलाश रही है और दबिश भी दे रही है। लेकिन अभी तक दोनों का पता नहीं चला है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही वह आरोपित को गिरफ्तार कर लेगी और किशोरी को भी बरामद कर लेगी।