ग्वालियर: अमित शाह और सीएम मोहन यादव करेंगे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भूमिपूजन, तैयारियां तेज
मेला ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम के लिए एमपीएसटीडीसी ने इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी के चयन की आनन-फानन में प्रक्रिया शुरू की है और मात्र तीन दिनों के अ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 07:08:21 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 07:08:52 PM (IST)
ग्राम कुलैथ और सौजना की वह भूमि, जहां टेलीकाम मेन्युफेक्चरिंग जोन बनना है l सौजन्यHighLights
- साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टीएमजेड का 12 अक्टूबर को भूमिपूजन
- मेला ग्राउंड में बनेगा 18 हजार वर्गमीटर का भव्य जर्मन हैंगर
- आयोजन की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को, तैयारियों में जुटी एजेंसियां
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकाम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। भूमिपूजन समारोह 12 अक्टूबर को आयोजित होना प्रस्तावित है और इसकी मेजबानी की जिम्मेदारी साडा के साथ ही पर्यटन विभाग को दी गई है। मेला ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम के लिए मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपीएसटीडीसी) ने इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी के चयन की आनन-फानन में प्रक्रिया शुरू की है और मात्र तीन दिनों के अंदर इस प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश मिले हैं।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।
अमित शाह और मुख्यमंत्री के लिए बनेगा वन-टू-वन रूम
समारोह के लिए 60 मीटर चौड़ा और 300 मीटर लंबा मुख्य जर्मन हैंगर तैयार किया जाएगा यानी इसका क्षेत्रफल करीब 18 हजार वर्गमीटर होगा। इसमें मंच, एलईडी स्क्रीन, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रहेगी। मुख्य डोम के दोनों ओर अतिरिक्त हैंगर भी प्रस्तावित हैं। अमित शाह और मुख्यमंत्री के लिए वन-टू-वन रूम बनाया जाएगा। मुख्य सभागार में 425 विशिष्ट अतिथियों और 2575 सामान्य अतिथियों के लिए बैठक की व्यवस्था का प्रविधान किया जाएगा।
पर्यटन विभाग करेगा आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा। ऐसे में विभाग ने अपनी तरफ से प्रक्रिया शुरू कर दी है। पर्यटन विभाग के पैनल में 12 इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां लिस्टेड हैं। इनके नाम एक्वेरियस प्रमोशन प्रालि., अतुल पब्लिसिटी प्रालि., कांसेप्ट कम्युनिकेशन लिमिटेड, कलेक्टसेंट डिजिटल मीडिया प्रालि., दीपाली डिजाइन एंड एग्जिबिट्स प्रालि., एक्सप्रो एग्जिबिट्स, गो बनानाज, पिरामिड फैबकान इवेंट मैनेजर प्रालि., पर्पल फोकस प्रालि., पीएसपीएल एडवरटाइजिंग प्रालि., शोक्राफ्ट प्रोडक्शन प्रालि. और सौभाग्य हैं।
ऐसे में इन्हीं कंपनियों को आनन-फानन में कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया की जा रही है। इस प्रक्रिया को पांच अक्टूबर तक पूरा किया जाना है।