
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी काउंसलिंग में कॉलेज की तकनीकी गलती का खामियाजा छात्रा को भुगतना पड़ा। फीस जमा करने और दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बावजूद पोर्टल पर प्रवेश दर्ज नहीं हुआ और सीट दूसरी छात्रा को आवंटित कर दी गई। मामले में हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने सख्त रुख अपनाते हुए छात्रा स्नेही राठौर को 25 नवंबर तक बीडीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं।
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने कहा कि छात्रा की कोई गलती नहीं होने पर उसे प्रवेश से वंचित रखना उसके मौलिक अधिकारों का हनन है। स्नेही को नीट-2026 में सफल होने के बाद माप-अप राउंड में महाराणा प्रताप डेंटल कालेज में सीट आवंटित हुई थी। उन्होंने दो लाख रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने के साथ 12 अक्टूबर को मूल दस्तावेजों का सत्यापन कराया और 35 हजार रुपये अतिरिक्त फीस व हॉस्टल शुल्क भी जमा किया।
कॉलेज की तकनीकी चूक से एडमिशन स्लिप जनरेट नहीं हुई और सीट पोर्टल पर खाली दिखती रही। कॉलेज ने 27 अक्टूबर को डीएमई को गलती की जानकारी दी, लेकिन 16 नवंबर को पांचवें स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड में यही सीट आस्था दुलानी को आवंटित कर दी गई।
उनका प्रवेश हाई कोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रखा गया था। सुनवाई में वरिष्ठ अधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी ने दलील दी कि कालेज और विभाग की गलती की सजा छात्रा को नहीं दी जा सकती।
कोर्ट ने निर्देश दिए कि 28 नवंबर को प्रवेश की अंतिम तिथि से पहले, 25 नवंबर तक स्नेही को हर हाल में प्रवेश दिया जाए। दूसरी छात्रा के प्रवेश के समायोजन या निरस्तीकरण पर निर्णय लेने के लिए विभाग को स्वतंत्र रखा गया है।