शादीशुदा महिला को आपत्तिजनक फोटो से कर रहा था ब्लैकमेल, तंग आकर महिला ने युवक पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार
ग्वालियर क्राइम समाचार: आरोप है कि धर्मेंद्र साथ के आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करता था और उसका रिश्ता तुड़वाने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रहा थ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 04:14:08 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 04:14:42 PM (IST)
ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराता युवक धर्मेंद्र प्रजापति। सोशल मीडियाHighLights
- कई साल पुरानी थी पहचान
- ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उठाया कदम
- थाने पहुंचकर महिला ने बताई सच्चाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ललितपुर कॉलोनी में शादी होने के बावजूद पीछा न छोड़ने और आपत्तिजनक फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देने से परेशान महिला ने खौफनाक कदम उठाया। उसने युवक को सबक सिखाने के लिए बैग से चाकू निकालकर उसके चेहरे, गर्दन और हाथ पर ताबड़तोड़ पांच वार कर दिए। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई साल पुरानी थी दोस्ती, शादी के बाद भी बना रहा था दबाव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र प्रजापति की दोस्ती कई सालों से सिकंदर कंपू निवासी युवती से थी। कुछ समय पहले युवती की शादी अन्य जगह हो गई थी। इसके बावजूद धर्मेंद्र उसके पीछे पड़ा रहा और उस पर जबरन मिलने का दबाव बनाने लगा।
महिला को आपत्तिजनक फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करता था
आरोप है कि धर्मेंद्र साथ के आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करता था और उसका रिश्ता तुड़वाने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रहा था। धर्मेंद्र की हरकतों से तंग आकर उसने हमला किया। वह पहले से ही मानसिक रूप से परेशान थी और पूरी तैयारी के साथ आई थी। घर पहुंचते ही जब स्पष्ट कर दिया कि वह अब उससे कोई रिश्ता नहीं रखना चाहती, तो धर्मेंद्र उससे झगड़ने पर उतर आया। इसी दौरान गुस्से में आपा खोकर बैग से चाकू निकाला और धर्मेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकू के हमलों से धर्मेंद्र का चेहरा, गर्दन और हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए।
थाने में बुलाई गई महिला ने सुनाई आपबीती
घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्हें देख वह भाग निकली। लहूलुहान हालत में पड़े धर्मेंद्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने महिला को थाने बुलवाया, जहां उसने अपनी आपबीती और ब्लैकमेलिंग का पूरा सच बयान किया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।