मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार पर हाई कोर्ट का आदेश न मानना पड़ा भारी, 10 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका
कोर्ट ने अगली सुनवाई से पहले यह राशि कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा कराने का आदेश दिया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:21:49 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:34:01 AM (IST)
HighLights
- 1983 की नियुक्ति के सत्यापन में देरी
- सुनवाई में अनुपस्थिति पर कोर्ट नाराज
- अगली तारीख तक राशि जमा करने का आदेश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं करने और सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होने पर मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ग्वालियर खंडपीठ ने अगली सुनवाई से पहले यह राशि कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा कराने का आदेश दिया।
श्रीकृष्ण शर्मा की याचिका पर हुई सुनवाई
न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के की एकलपीठ में श्रीकृष्ण शर्मा की याचिका पर सुनवाई हुई। शर्मा ने सेवानिवृत्ति की राशि से जुड़े विवाद में हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनकी भर्ती 1983 में हुई थी, जबकि राजस्व विभाग उनकी सेवा 1994 से मान रहा है। इस विवाद पर कोर्ट ने 1983 की नियुक्ति के सत्यापन का आदेश दिया था। कोर्ट ने कहा कि 22 सितंबर और छह अक्टूबर 2026 को जारी निर्देशों के पालन के लिए दो नवंबर को प्रतिवादियों को दो सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया था। साथ ही निर्देश दिया गया था कि पालन नहीं होने पर कलेक्टर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कारण बताएं।
जुर्माने की राशि को अगली सुनवाई की तारीख तक जमा करना होगा
इसके बावजूद पूर्व के आदेशों का पालन नहीं हुआ और कलेक्टर सुनवाई में भी उपस्थित नहीं हुए। कोर्ट ने इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह उसके निर्देशों के प्रति उचित सम्मान नहीं दर्शाता। आदेशों की लगातार अवहेलना और कलेक्टर की अनुपस्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसी आधार पर 10 हजार रुपये की कास्ट लगाई गई, जिसे अगली सुनवाई की तारीख तक जमा करना होगा।