BHMS फेल छात्र ने किया था मासूम का इलाज, 11 साल पुराना 'स्टे' हटा, मैस्कॉट हॉस्पिटल का लाइसेंस रद्द होगा
हाई कोर्ट ने वर्ष 2015 में इस आदेश के क्रियान्वयन पर लगाई गई अंतरिम रोक भी समाप्त कर दी है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 09:25:30 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 09:25:55 AM (IST)
मासूम गार्गी उपाध्याय जिसकी इलाज के दौरान हो गई थी मौत।HighLights
- 2013 में बच्ची की मौत का मामला
- आरटीआई से डॉक्टरों पर उठे सवाल
- 2015 की अंतरिम रोक समाप्त हुई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। तीन साल की बच्ची की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में मैस्कॉट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर प्राइवेट लिमिटेड को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने अस्पताल की याचिका खारिज करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) द्वारा अस्पताल का पंजीयन निरस्त करने के आदेश को बरकरार रखा है।
न्यायालय ने वर्ष 2015 में इस आदेश के क्रियान्वयन पर लगाई गई अंतरिम रोक भी समाप्त कर दी है। इसके साथ ही सीएमएचओ के निरस्तीकरण आदेश के प्रभावी होने का रास्ता साफ हो गया है।
मामला वर्ष 2013 में 3 साल की गार्गी की इलाज के दौरान हुई मौत से जुड़ा
मामला वर्ष 2013 में तीन वर्षीय गार्गी मनोज उपाध्याय की इलाज के दौरान हुई मौत से जुड़ा है। बच्ची को 25 जनवरी 2013 को मैस्कॉट हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती कराया गया था। अगले दिन तड़के करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पिता मनोज उपाध्याय ने सूचना के अधिकार के तहत अस्पताल के दस्तावेज प्राप्त किए और 9 मार्च 2015 को कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की।
शिकायत में डॉक्टर की उपलब्धता व इलाज की प्रक्रिया पर उठाए गए थे सवाल
शिकायत में अस्पताल के आईसीयू में योग्य एमबीबीएस चिकित्सक की उपलब्धता और इलाज की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। आरटीआई से प्राप्त रिकॉर्ड में शैलेंद्र साहू और अवधेश दिवाकर को ड्यूटी डॉक्टर के रूप में दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई थी। शिकायत के अनुसार, साहू बीएचएमएस की परीक्षा में अनुत्तीर्ण था, जबकि दिवाकर नर्सिंग असिस्टेंट था। दस्तावेजों में दोनों के नाम से बच्ची की जांच, डायग्नोसिस, दवाओं और ब्लड ट्रांसफ्यूजन से संबंधित प्रविष्टियां दर्ज थीं।
सीएमएचओ के आदेश को मिली न्यायिक पुष्टि
रिकॉर्ड के अनुसार, बच्ची की मौत के बाद शैलेंद्र साहू ने मेडिकल ऑफिसर के पदनाम से डेथ सर्टिफिकेट और डिस्चार्ज शीट पर हस्ताक्षर किए थे। इन तथ्यों के आधार पर सीएमएचओ ने अस्पताल का पंजीयन निरस्त करने का आदेश जारी किया था। अस्पताल ने इस आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। वर्ष 2015 में न्यायालय ने आदेश के क्रियान्वयन पर अंतरिम रोक लगा दी थी। अब जस्टिस मिलिंद रमेश फड़के की एकलपीठ ने अस्पताल की याचिका निरस्त कर दी है और अंतरिम स्थगन आदेश समाप्त कर दिया है। इससे सीएमएचओ का पंजीयन निरस्तीकरण आदेश अब प्रभावी हो सकेगा।