नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सभापति मनोज सिंह तोमर के निर्देश के बावजूद परिषद के पटल पर लेखा शाखा और 15वें वित्त आयोग के कार्यों की मूल नस्तियां न पहुंचने पर पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। नगर निगम के अधिकारियों को छह महीने के आय-व्यय पत्रक और दो साल की जानकारी देनी थी। लेकिन, उन्होंने सिर्फ छह महीने के आय-व्यय की जानकारी घुमा-फिराकर भेज दी।
पार्षदों ने जताई आपत्ति...
इस पर पार्षदों ने आपत्ति जताई और कहा कि बिना जानकारी के चर्चा कैसे हो सकती है। हालांकि सभापति ने अगली बैठक में जानकारी मंगाने का आश्वासन दिया, लेकिन पार्षद टस से मस नहीं हुए। पार्षदों का कहना था कि परिषद को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाए और अफसरों के खिलाफ शासन को पत्र लिखा जाए। आखिर में सभापति ने बैठक को 30 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया।
अधूरी जानकारी पर भड़के पार्षद
बैठक शुरू होते ही लेखा समिति के अध्यक्ष और वार्ड 50 के पार्षद अनिल सांखला ने आपत्ति जताते हुए कहा कि पिछली बैठक में जो जानकारी मांगी थी, वह वर्ष 2025 से अभी तक के आय व्यय की थी, लेकिन यह जानकारी अधिकारियों ने आज एक बजे भेजी है। वह भी मात्र छह महीने की जानकारी दी है और नस्ती भी मौजूद नहीं थी। सभापति मनोज तोमर ने कहा कि आसंदी से छह महीने का आय-व्यय का पत्रक और दो साल की जानकारी देने के आदेश दिए गए थे। उन्होंने छह महीने की जानकारी भेज दी है। इस पर पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने कहा कि अधिकारी खाना पूर्ति कर रहे हैं। जानकारी के नाम पर चंद कागज भेज दिए हैं।
हरिपाल बोले- जब परिषद के आदेश नहीं माने जा रहे तो बैठक का कोई मतलब
नेता प्रतिपक्ष हरीपाल ने कहा कि अधिकारियों की मनमानी इस तरह चल रही है कि जानकारी के नाम पर 2025-26 के लिए जो बजट बना था, उसमें आय-व्यय का ब्यौरा भेज दिया है।
लेखा शाखा कोई निर्देश नहीं मान रही। जब परिषद के आदेश नहीं माने जा रहे तो बैठक का कोई मतलब नहीं है। हम तब तक सदन नहीं चलने देंगे जब तक जानकारी नहीं मिल जाती। इसके बाद भाजपा पार्षदो ने आसंदी को घेर लिया। सभापति ने दो बार बैठक स्थगित की।
जब भाजपा पार्षद नहीं माने तो सभापति ने वोटिंग कराई। इस पर भाजपा के सभी पार्षदों ने हाथ खड़े कर दिए। संख्या बल अधिक होने के कारण बहुमत मिला और सभापति ने अगली बैठक से पहले मांगे गए दस्तावेज देने के आदेश देते हुए बैठक 30 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
पार्षद बोले-70 करोड़ के कर्ज में है निगम
बैठक में पार्षद मोहित जाट ने कहा कि नगर निगम 70 करोड़ के कर्जे में हैं। पहले यह कर्जा 100 करोड़ का था लेकिन 30 करोड़ जमा कर दिए गए। यह कर्जा कैसे हुआ इसकी जांच कराई जाए। किसके कार्यकाल में किन ठेकेदारों को भुगतान हुआ, इसकी जांच कराएं।
वार्ड 24 के पार्षद नागेंद्र राणा ने कहा कि जब जानकारी चाहिए तो पूरी ही मंगाई जाए। कितना पैसा आया, कहां-कहां खर्च हुआ। किस योजना में किस ठेकेदार से कितना काम कराया, कितना भुगतान हुआ।
वहीं पार्षद भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि मैंने आयुक्त को बोला था कि सड़क खुदी पड़ी हैं तो उन्होंने बोला कि हमारे ऊपर 90 करोड़ की देनदारी है। जब तक यह भुगतान नहीं हो जाता हम कोई नई सड़क नहीं बनाएंगे। फिर चाहे कोई गड्ढे से निकले या गिट्टियों से।
हंगामा इतना कि सभापति ने बंद किए कान, धारा-36 का प्रयोग करने की धमकी
परिषद की बैठक में पार्षदों ने इतना हंगामा किया कि सभापति को दोनों हाथों से अपने कान बंद करने पड़े। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, पार्षद अनिल सांखला, ब्रजेश श्रीवास, मोहित जाट, जितेंद्र मुदगल, विवेक त्रिपाठी ने आसंदी का घेराव कर दिया। वे अपनी-अपनी बात कह रहे थे। उनकी तेज आवाजों के कारण सभापति ने दोनों हाथों से अपने कान बंद कर लिए। वहीं बाद में उन्होंने एजेंडा समाप्त करने और धारा 36 का प्रयोग कर जितेंद्र मुदगल को सदन से बाहर करने की भी चेतावनी दी।