ग्वालियर के सरकारी अस्पताल में टूटा स्ट्रेचर का पहिया, गिरा मरीज; व्यवस्था पर सवाल खड़े
खराब पहिये वाले स्ट्रेचर का इस्तेमाल अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:57:05 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 10:05:01 AM (IST)
स्ट्रेचर से गिरा मरीज। नईदुनियाHighLights
- गनीमत रही, मरीज को नहीं आई गंभीर चोट
- ओटी के पास टूटा स्ट्रेचर, मरीज को हुआ दर्द
- दो माह से खराब लिफ्ट, रैंप से बढ़ी मुश्किल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार जिला अस्पताल में मरीजों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की व्यवस्था ही उनके लिए परेशानी बन रही है। लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों को रैंप के रास्ते माड्यूलर ओटी तक ले जाया जा रहा है। इसी दौरान स्ट्रेचर का पहिया टूटने से एक मरीज नीचे गिर पड़ा। पहले से चोटिल मरीज दर्द से कराह उठा।
गनीमत रही कि मरीज को नहीं आई गंभीर चोट
स्वजन ने उसे संभालकर व्हीलचेयर पर बैठाया और ड्रेसिंग के लिए ओटी तक पहुंचाया। मरीज का हाल ही में आपरेशन हुआ था और उसके पैर में डली प्लेट निकाली गई थी। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई।
ग्राम बिरखड़ी निवासी अनुरुद्ध शर्मा पुत्र प्रहलाद शर्मा मुरार जिला अस्पताल के आर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती हैं। उन्हें ड्रेसिंग के लिए मॉड्यूलर ओटी ले जाया जा रहा था।
स्वजन उन्हें स्ट्रेचर पर लेकर निकले ओटी के पास पहुंचे ही थे कि उसका पहिया टूट गया और अनुरुद्ध नीचे गिर पड़े। पहले से चोटिल होने के कारण उन्हें तेज दर्द हुआ।
लिफ्ट खराब होने से हो रही परेशानी
अस्पताल की लिफ्ट दो माह से खराब है, इसलिए मरीजों को माड्यूलर ओटी तक पहुंचाने के लिए रैंप का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में स्ट्रेचर की हालत और गुणवत्ता मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से अहम है। खराब पहिये वाले स्ट्रेचर का इस्तेमाल अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।