भिंड के गोहद में युवक ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की आत्महत्या, 4 महीने से बीमारी से था परेशान
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए गोहद अस्पताल भेजा। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 04:48:46 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 04:48:46 PM (IST)
गोहद अस्पताल परिसर में खड़े मृतक के स्वजन और मृतक सरनाम सिंह की फाइल फोटो।HighLights
- कमरा बंद कर खुद को मारी गोली
- बीमारी के तनाव से उठाया खौफनाक कदम
- पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
नईदुनिया न्यूज, भिंड (गोहद)। जिले के गोहद थाना क्षेत्र के भिआनी गांव में गुरुवार सुबह एक युवक ने घर के अंदर कमरे में कुंडी लगाकर लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक कुछ माह से बीमारी के चलते परेशान चल रहा था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए गोहद अस्पताल भेजा। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे में कुंडी लगाकर खुद को मारी गोली
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय सरनाम सिंह पुत्र पान सिंह कुशवाह निवासी भिआनी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से कुंडी लगा ली। बताया गया है कि उसने परिवार के सदस्यों को कमरे से बाहर कर दिया था। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो सरनाम सिंह खून से लथपथ पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पिता पान सिंह कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले करीब चार महीने से बीमार चल रहा था। मृतक की तीन बेटियां हैं। जिस लाइसेंसी बंदूक से घटना हुई है, वह मृतक के पिता पान सिंह कुशवाह के नाम पर बताई जा रही है।
प्रथम दृष्टया युवक द्वारा आत्महत्या करना सामने आ रहा है। हालांकि घटना के कारणों के संबंध में जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। - महेंद्र गौतम, एसडीओपी गोहद