ग्वालियर में छतरपुर पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हुआ चोरी का आरोपी, फ्लैट में ठहराने और पार्टी करने का खुलासा
आरोपी सन्नी पाल के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं, पूरे घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 05:28:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 05:29:05 PM (IST)
हथकड़ी पहना सन्नी पाल होटल में खाना खाते हुए। वीडियोग्रेबHighLights
- थाने में सूचना दिए बिना निजी फ्लैट में ठहराया
- होटल में पार्टी करने और लापरवाही के आरोप
- सीसीटीवी में गार्ड से बात करते दिखा फरार आरोपी
डिजिटल टीम। चोरी के मामले में पकड़ा गया उत्तराखंड निवासी एक आरोपी ग्वालियर में छतरपुर पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया। घटना शनिवार सुबह करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोपी सन्नी पाल (30) को हाथ की चोट का इलाज कराने के लिए पुलिस ग्वालियर लाई थी। उसे नियमानुसार थाने में सुरक्षित रखने के बजाय एक पुलिसकर्मी के भाई के किराए के फ्लैट में ठहराया गया था।
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं, पूरे घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की जांच की जा रही है।
शुक्रवार देर रात इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे सन्नी को
जानकारी के अनुसार, छतरपुर पुलिस में पदस्थ आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संदीप चोरी के आरोप में पकड़े गए सन्नी पाल को शुक्रवार देर रात इलाज के लिए ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। उस समय वरिष्ठ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे सुबह दोबारा लाने के लिए कहा गया। दूसरे जिले से आरोपी को लेकर आने वाली पुलिस को नियमानुसार स्थानीय थाने में सूचना देकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी थी।
आरोप है कि पुलिसकर्मी ऐसा करने के बजाय आरोपी को आरक्षक शुभम शर्मा के भाई गौरव शर्मा के लोटस विला स्थित किराए के फ्लैट पर ले गए।
होटल में खाना खाने और पार्टी करने का भी आरोप
इस मामले में सामने आए एक वीडियो में आरोपी होटल में खाना खाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित रखने के बजाय होटल ले गए, जहां खाना खाने के साथ पार्टी भी की गई। रात में फ्लैट पर लौटने के बाद पुलिसकर्मी आरोपी को हथकड़ी लगाकर सो गए। शनिवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो बिस्तर पर हथकड़ी की जंजीर पड़ी थी, लेकिन आरोपी गायब था। पहले पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर अधिकारियों को सूचना दी और विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी में गेट पर गार्ड से बातचीत करता दिखा
लोटस विला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी सुबह करीब साढ़े सात बजे परिसर में टहलता नजर आया। वह मुख्य गेट की ओर गया और वहां तैनात दो सुरक्षा गार्डों से बातचीत भी की। इस दौरान उसने शर्ट की आस्तीन से हाथ में लगी हथकड़ी छिपा रखी थी। वह दो बार गेट की ओर गया, लेकिन गार्डों को देखकर वापस लौट आया। इसके बाद वह कैमरों में दिखाई नहीं दिया। आशंका है कि वह दीवार फांदकर या किसी अन्य रास्ते से परिसर से बाहर निकल गया।
स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई सूचना
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि स्थानीय पुलिस को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई थी। पुलिसकर्मी यहां अवैध तरीके से रुके थे। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। ड्यूटी के दौरान आरोपी की सुरक्षा में लापरवाही के मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की संभावना है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी।