ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन में चोरी, कचरा गाड़ी से ले उड़े एवियोनिक्स स्क्रैप; 3 कर्मचारी गिरफ्तार
चोरी होने का पता लगा तो सुरक्षा अधिकारी द्वारा इसकी जांच कराई गई, जिसमें कंपनी के ही तीनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद इन्हें पकड़ लिया ग...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 09:07:07 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 09:07:56 PM (IST)
एयरफोर्स स्टेशन में चोरी मामले के आरोपियों के फाइल फोटो। सौ. पुलिसHighLights
- कचरा गाड़ी में छिपाकर की चोरी
- CCTV से खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
- स्क्रैप बरामदगी में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सामरिक दृष्टि से अति-महत्वपूर्ण महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन में चोरी का मामला सामने आया है। कचरा निस्तारण और सफाई का ठेका जिस कंपनी के पास है, उसके यहां काम करने वाले तीन कर्मचारी ही कचरे की गाड़ी में छिपाकर एवियोनिक्स स्क्रैप (एयरक्राफ्ट में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरणों का कबाड़) ही चोरी कर ले गए।
चोरी होने का पता लगा तो सुरक्षा अधिकारी द्वारा इसकी जांच कराई गई, जिसमें कंपनी के ही तीनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद इन्हें पकड़ लिया गया और इन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। महाराजपुरा थाना पुलिस को बुलाकर इन्हें सुपुर्द कर दिया। सुरक्षा अधिकारी की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
9 सितंबर को चोरी का पता चला, फिर पुलिस को दी सूचना
9 सितंबर को एवियोनिक्स स्क्रैप चोरी होने का पता लगा था। इसका पता लगने पर सुरक्षा अधिकारी द्वारा जांच की गई। इसमें कैमरों को देखा गया, तब पता लगा कि कचरा गाड़ी में छिपाकर मैसर्स ढुल सिक्योरिटी सर्विसेज के कर्मचारी ही यह स्क्रैप ले गए। फिर पुलिस को सूचना दी गई। तीन कर्मचारियों राजकुमार पिता रामदास निवासी हरीराम का पुरा, सीलू पिता बेताल निवासी दहेली, मुरार और रामसिया वाल्मीकि निवासी खिपोना भिंड को गिरफ्तार कर लिया।
स्क्रैप बरामद करने के लिए पूछताछ
तीनों आरोपी महाराजपुरा थाना पुलिस की हिरासत में हैं। इन तीनों से स्क्रैप बरामद करने के लिए टीम पूछताछ कर रही है। इन लोगों ने बताया कि उसे बेच दिया है। खबर लिखे जाने तक स्क्रैप बरामद नहीं हुआ था।
महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन से एवियोनिक्स स्क्रैप चोरी होने का मामला सामने आया है। तीन आरोपित पकड़ लिए हैँ। एफआइआर भी दर्ज कर ली है। पूछताछ जारी है। - नागेंद्र सिंह सिकरवार, सीएसपी, महाराजपुरा सर्किल