ग्वालियर में SBI ATM तोड़ने घुसा चोर, सायरन बजते ही भागा, CCTV में कैद हुई वारदात
सीसीटीवी फुटेज में चोर कैमरे पर टेप चिपकाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है और उसने अपना मुंह कपड़े से बांध रखा है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:19:22 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:20:19 AM (IST)
एटीएम बूथ में कैमरे पर टेप चिपकाने का प्रयास करता चोर के सीसीटीवी फुटेज।HighLights
- कैमरे पर टेप चिपकाते दिखा नकाबपोश
- अलार्म बजते ही मौके से भागा आरोपी
- सुबह लोगों ने देखा, पुलिस जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम बूथ में रात को चोर घुस गया। उसने मशीन तोड़ने की कोशिश की। लेकिन मशीन तोड़ नहीं सका। इसके बाद वह भाग गया। वह सीसीटीवी कैमरे में नजर आया है। उसकी पहचान के प्रयास पुलिस कर रही है।
मुरार इलाके की घटना
मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरम सड़क पर एसबीआइ का एटीएम है। एटीएम बूथ में बीती रात चोर घुस गया। उसने मशीन के साथ भी छेड़छाड़ की, तभी अलार्म सिस्टम एक्टीवेट हो गया। तब सायरन बजने के बाद वह भाग निकला। बैंक प्रबंधन ने जब सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तब वह नजर आया है। फुटेज में चोर कैमरे पर टेप चिपकाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है और उसने अपना मुंह कपड़े से बांध रखा है। यह फुटेज पुलिस से भी साझा किए गए हैं, लेकिन अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नही की गई है, अभी बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की गई है।
सुबह जनता ने दी बैंक प्रबंधन को सूचना
वारदात का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब आसपास के लोग एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे। मशीन से छेड़छाड़ और कैमरे पर टेप लगा देख लोगों ने इसकी सूचना बैंक प्रबंधन को दी।
ताले तोड़े, फर्नीचर की तोड़फोड़ की, एक लाख का माल चोरी
शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के ओहदपुर स्थित हिल व्यू रेजिडेंसी में बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फर्नीचर व अन्य सामान में जमकर तोड़फोड़ की। वारदात के समय मकान मालिक घर पर मौजूद नहीं थे।
पीड़ित ने की मामला दर्ज करने की मांग
पीड़ित ने थाने में शिकायत देकर एफआइआर दर्ज करने की मांग की है। हिल व्यू रेजिडेंसी के डी-तीन ब्लाक निवासी यशपाल आचार्य ने शिकायत में बताया कि 21 और 22 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया।
मकान बंद होने का फायदा उठाकर आरोपितों ने ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने फर्नीचर और घर के अन्य सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने घर का काफी सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस देख रही है। जिससे आरोपितों की पहचान हो सके।