रुपये दोगुने करने के नाम पर बुजुर्ग से लूटी सोने की अंगूठी, CCTV फुटेज की मदद से चंद घंटों में धरे गए आगरा के ठग
पुलिस तक शिकायत पहुंची तो मुरार थाने की टीम ने पड़ताल शुरू की। जनभागीदारी से लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों के फुटेज मिल गए। इसके बाद पुलिस चंद घंटों...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 16 Oct 2026 05:19:00 PM (IST)Updated Date: Fri, 16 Oct 2026 05:38:45 PM (IST)
घटना का सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तार तीनों ठग।HighLights
- मुरार इलाके में वारदात को दिया अंजाम
- सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़े गए आरोपी
- होटल में रुककर करते थे ठगी की साजिश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के मुरार इलाके में बुजुर्ग से ठगी का मामला सामने आया है। रुपये दोगुने करने का झांसा देकर बुजुर्ग को बातों में उलझाया, फिर ठग उनकी अंगूठी उतरवा ले गए। पुलिस तक शिकायत पहुंची तो मुरार थाने की टीम ने पड़ताल शुरू की। जनभागीदारी से लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों के फुटेज मिल गए। इसके बाद पुलिस चंद घंटों में इन तक पहुंच गई। पकड़े गए तीनों ठग आगरा के रहने वाले हैं।
सात नंबर चौराहे की घटना
गोला का मंदिर स्थित आदर्श कॉलोनी में रहने वाले रामप्रकाश दुबे 14 अक्टूबर को शाम को जब मुरार बाजार से सब्जी लेकर लौट रहे थे, तभी सात नंबर चौराहे के पास दो बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। इन लोगों ने पता पूछने के बहाने रामप्रकाश को रोक लिया।
बुजुर्ग ठगों के झांसे में आ गए और अपनी अंगूठी उन्हें दे दी
फिर यह लोग आपस में पर्चियों और रुपयों का लेन-देन कर रुपये दोगुने करने की बात करने लगे। उन्होंने फरियादी को भी इसी जाल में फंसाया और उनकी सोने की अंगूठी लेकर उसकी दोगुनी कीमत देने का झांसा दिया। बुजुर्ग उनके झांसे में आ गए और अपनी अंगूठी उन्हें सौंप दी। जब फरियादी ने अपनी अंगूठी वापस मांगी, तो आरोपित टालमटोल कर मौके से फरार हो गए। वह थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
जनभागीदारी कैमरों से मिली मदद और गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए घटना स्थल के आसपास जनभागीदारी से लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाला। फुटेज के आधार पर संदेहियों को चिन्हित किया गया और पुलिस ने कोतवाली संतर वाली गली से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
वारदात का तरीका
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे सड़क पर मुख्य रूप से बुजुर्ग और लालची प्रवृत्ति के लोगों को निशाना बनाते थे। वे आपस में अजनबी बनकर पर्ची निकालकर एक-दूसरे को सौ के दो सौ और पांच सौ के हजार रुपये देकर दिखावा करते थे। इस झांसे में आकर पीड़ित अपना कीमती सामान दोगुना करने के चक्कर में इन्हें सौंप देते थे और आरोपी धोखाधड़ी कर फरार हो जाते थे।
होटल में रुके थे: यह लोग नई सड़क स्थित होटल में कमरा बुक कर रुके थे। वारदात करने के बाद यहीं चले जाते थे।
यह पकड़े गए
- तनुज गोस्वामी (पुत्र स्व. पूरन चन्द गोस्वामी, उम्र 50 वर्ष, निवासी रूई की मंडी, जिला आगरा)
- गोपाल गोस्वामी (पुत्र स्व. पूरन चन्द गोस्वामी, उम्र 55 वर्ष, निवासी सदर, आगरा)
- दिनेश गोस्वामी (पुत्र स्व. किशन चन्द गोस्वामी, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम बोदला, जिला आगरा)
रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी बुजुर्ग से ठगी हुई थी। चंद घंटों में ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। तीनों आगरा के रहने वाले हैं। - गोविंद बगौली, थाना प्रभारी, मुरार