ग्वालियर में साइबर ठगी की 3 वारदातें, क्रेडिट कार्ड लिमिट व फर्जी लिंक के जरिए 3.48 लाख उड़ाए
साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद थाने में FRI दर्ज की गई।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 12:31:33 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 02:08:22 PM (IST)
HighLights
- फर्जी लिंक व फॉर्म से उड़ाए 2.12 लाख
- क्रेडिट कार्ड लिमिट के नाम पर ठगी
- फर्जी कस्टमर केयर नंबर से 60 हजार पार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। साइबर ठगों ने तीन वारदातों में आनलाइन शापिंग से लेकर गैस कनेक्शन और क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगा। तीनों घटनाओं में ठगों ने तीन लाख 48 हजार 445 रुपये की ठगी की है। साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद थाने में एफआइआर दर्ज की गई।
लिंक भेजकर फार्म भरवाकर ठगा
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत 78 वर्षीय कृष्णा देवी के खाते से दो लाख 12 हजार 245 रुपये निकल गए। उनके बेटे के मोबाइल पर अज्ञात ठगों ने एक फर्जी लिंक भेजा। उनके खाते में बेटे का नंबर लिंक है। बेटे ने लिंक खोलकर फार्म भर दिया। इसके बाद उसे मात्र 137 रुपये का आनलाइन भुगतान करने को कहा गया। जैसे ही युवक ने 137 रुपये का भुगतान किया, उसके बैंक आफ इंडिया खाते से एक के बाद एक कई ट्रांजेक्शन के जरिए कुल दो लाख 12 हजार 245 रुपये पार हो गए।
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का देकर ठगी
मुरार निवासी 26 वर्षीय जयराम सिंह पाल के मोबाइल पर अंजान नंबर से काल आया। काल करने वाले ने खुद को बैंक की क्रेडिट कार्ड शाखा का कर्मचारी बताया। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक लिंक वाट्सएप पर भेजी। इस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हुआ, फिर उनके मोबाइल से 74 हजार 200 रुपये की आनलाइन खरीदारी ठग ने कर ली।
कस्टमर केयर का नंबर निकालना पड़ा भारी
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णा कालोनी निवासी 42 वर्षीय प्रीति अग्रवाल ने आनलाइन सामान मंगवाया था। उन्होंने कंपनी का नंबर गूगल पर सर्च किया। इसमें ठग ने अपना नंबर कंपनी के नाम से डाल रखा था। इस पर काल किया तो उसने एक लिंक भेजी। उनके खाते से 60 हजार रुपये निकल गए।