मोबाइल पर बात करने पर पिता ने डांटा तो नाराज हुई तीन बहनें, घर छोड़कर हुई लापता
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 08:08:12 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 08:19:36 AM (IST)
HighLights
- डांट से नाराज होकर उठाया कदम
- बाजार से मां लौटी तो घर मिला खाली
- सीसीटीवी और सर्विलांस से तलाश में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में मोबाइल पर बात करने से रोकने पर नाराज तीन सगी बहनें घर से संदिग्ध हालात में लापता हो गईं। इनमें एक बालिग (18 वर्ष) और दो नाबालिग (16 और 14 वर्ष) शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
यह है मामला
बड़ा गांव निवासी ज्ञान सिंह पेशे से वेल्डिंग का काम करते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर को जब वह काम से घर लौटे, तो उन्होंने बड़ी बेटी प्रियंका (18) को छिपकर मोबाइल पर किसी से बात करते देख लिया। पिता ने उसे डांटते हुए मोबाइल चलाने और छिपकर बात करने से सख्त मना किया। इस बात से तीनों बहनें बुरी तरह खफा हो गईं। पिता को अंदाजा नहीं था कि बेटियों पर डांट का इतना गहरा असर होगा।
बाजार से लौटी मां, तो घर मिला खाली
27 अक्टूबर को ज्ञान सिंह रोज की तरह अपने काम पर चले गए। दोपहर के वक्त उनकी पत्नी मधु घरेलू सामान खरीदने बाजार गई थीं। जब वह शाम करीब पांच बजे वापस लौटीं, तो घर सूना मिला। तीनों बेटियों का कहीं पता नहीं था। स्वजन ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने पहुंचकर गुमशुदगी और अपहरण की धाराओं में शिकायत दर्ज कराई गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्वजन को अंदेशा है कि गुस्से में आकर वे कहीं चली गई हैं या फिर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बहला-फुसला लिया है। मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों के कैमरों की जांच के साथ-साथ युवतियों के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल और लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है।