बिलौआ की प्रतिबंधित खदानों पर कड़ा सुरक्षा घेरा: कलेक्टर-एसएसपी ने संभाला मोर्चा, 8 चेकिंग प्वाइंट तैनात, आज हाई कोर्ट में सुनवाई
कलेक्टर रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशानुसार बिलौआ क्षेत्र में प्रतिबंधित खदानों से किसी भी प्रकार का उत्खनन एवं परिवहन नहीं होना चाहिए। इसकी वस्तुस्थिति पर भी निगरानी रखें।
Publish Date: Mon, 10 Aug 2026 10:07:44 AM (IST)Updated Date: Mon, 10 Aug 2026 10:08:16 AM (IST)
बिलौआ क्षेत्र की प्रतिबंधित खदानों की निगरानी के लिए जांच दलों का निर्देश देतीं कलेक्टर रुचिका चौहान। नईदुनियाHighLights
- कलेक्टर और एसएसपी का निरीक्षण
- 8 चेकिंग प्वाइंट और ड्रोन सर्वे
- उच्च न्यायालय में अहम सुनवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिलौआ खनन क्षेत्र में हाई कोर्ट के आदेश पर प्रतिबंधित की गईं खदानों की निगरानी के लिए अब कड़ा सुरक्षा घेरा खड़ा कर दिया गया है। खदानों से लेकर एक-एक रूट पर निगरानी है, जहां से अवैध परिवहन नहीं किया जा सकता है। बिलौआ क्षेत्र में इसके लिए आठ चेकिंग प्वाइंट और दल लगा दिए गए हैं, जिसमें माइनिंग, राजस्व और पुलिस शामिल हैं।
विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश
रविवार को कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बिलौआ क्षेत्र पहुंची, जहां प्रतिबंधित की गई खदानों का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशानुसार बिलौआ क्षेत्र में प्रतिबंधित खदानों से किसी भी प्रकार का उत्खनन एवं परिवहन नहीं होना चाहिए। इसकी वस्तुस्थिति पर भी निगरानी रखें।
कलेक्टर के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा आठ चेकिंग प्वाइंट भी स्थापित किए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जांच दल भी गठित किए गए हैं। वहीं बिलौआ खनन मामले की सोमवार को सुनवाई भी हाई कोर्ट में नियत है।
एसडीएम ने पिछली कार्रवाई से कराया अवगत
निरीक्षण के दौरान डबरा एसडीएम जूही गर्ग ने बिलौआ खनन क्षेत्र के सभी रूट व खदानों की स्थिति के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को बताया। एसडीएम ने पिछले दिनों की गई कार्रवाई और गतिविधियों के बारे में बताया और 16 प्रतिबंधित खदानों को लेकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान एडीएम सीबी प्रसाद,एसडीएम डबरा जूही गर्ग, संयुक्त कलेक्टर भूमिजा सक्सेना, डिप्टी कलेक्टर अनिल राघव, जिला खनिज अधिकारी पंकजध्वज मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
आज हाई कोर्ट में सुनवाई
बिलौआ में अवैध खनन के मामले में हाई कोर्ट में सोमवार को सुनवाई होगी। इससे पहले हाई कोर्ट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बिलौआ में खदानों का ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश दिए थे जो सर्वे पूरा कर लिया गया है। इस मामले में अकरम खान की ओर से याचिका लगाई गई है। वहीं कोर्ट के आदेश पर नए खनिज अधिकारी की नियुक्ति भी हो चुकी है।
ड्रोन सर्वे पूरा,आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में लगाए अधिकारी
बिलौआ खनन के मामले में हाई कोर्ट के आदेश पर ड्रोन सर्वे भी पूरा करा लिया गया है। वहीं निगरानी का लेकर चेक प्वाइंट से लेकर चेकिंग दलों में अलग-अलग विभागों के अधिकारियों सहित आठ आठ घंटे की डयूटी लगाई गई है। इन दलों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों को शामिल किया गया है।
रूटीन ट्रैफिक में भी दिखी अब कमी
बिलौआ में अवैध खनन को लेकर हाई कोर्ट की सख्ती और प्रशासन की निगरानी के बाद अब रूटीन ट्रैफिक में भी कमी आई है। वहीं सख्ती के कारण जो संचालित खदानें हैं उनके द्वारा भी माल का परिवहन पहले की तुलना में कम किया जा रहा है।