नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में बन रहे एशिया और देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 500 करोड़ से अधिक का निवेश और आ सकता है। ऐसा संभव इसलिए हो रहा है क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 22 सितंबर को बेंगलुरु में आईटी और जीसीसी यानि ग्लोबल कैपेसिटी सेंटर से जुड़े दिग्गजों से सीधे संवाद किया और टीएमजेड में निवेश करने के फायदे और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं को लेकर संवाद किया। दोनों के प्रयासों से उद्यमियों ने टीएमजेड में 500 करोड़ से अधिक का निवेश करने में रुचि दिखाई है।
यहां बता दें कि अभी तक टीएमजेड के लिए 5500 करोड़ रुपये के निवेश करने को लेकर न केवल कंपनियों ने हां कर दिया था, बल्कि उन्होंने टीएमजेड में भूमि आवंटन करने के लिए आवेदन भी किए हैं। लेकिन टीएमजेड में निवेश के लिए सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में केंद्र व राज्य सरकार लगातार टेलीकॉम से जुड़ी कंपनियों को टीएमजेड में लाने व निवेश को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
इन कंपनियों के प्रतिनिधियों से हुई चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बैठक के दौरान एचपी एंटरप्राइजेज की ओर से जीसीसी क्षेत्र में कार्यरत जयंत और तारा, जेडस्केलर आइटी कंपनी की ओर से श्रीनिधि और क्वांटम कंप्यूटिंग और एआइ क्षेत्र में कार्यरत कंपनी की ओर से अनुराग ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फुजित्सु कंसल्टिंग इंडिया प्रालि की ओर से विशाल अगस्त्या, कंट्री लीडर, इंडिया एवं कंसल्टिंग लीड, ग्लोबल डिलीवरी यूनिट और इनफिनिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से नितिन मेहता, चीफ एग्जीक्यूटिव आफिसर एवं कंट्री हेड ने भी भेंट की।
थोलोन्स और सीजीआई से संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद के दौरान आईटी व जीसीसी सेक्टर के दिग्गजों ने मध्यप्रदेश में अपनी इकाइयां स्थापित करने को लेकर गहरी रुचि दिखाई।
थोलोन्स के चेयरमैन और सीईओ अविनाश वशिष्ठ और अंकिता वशिष्ठ ने प्रदेश में 210 करोड़ रुपये के निवेश से जीसीसी यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने पर चर्चा की।
सीजीआइ के वाइस प्रेसिडेंट अतुल अगाशे ने मध्यप्रदेश में जीसीसी निवेश की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश में विस्तार की मंशा जताई।
सेमीकंडक्टर और चिप डिजाइनिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा मध्यप्रदेश
असेइक मावेन सिलिकान के संस्थापक शिवकुमार पीआर ने 100 करोड़ रुपये के निवेश से चिप डिजाइन हाउस स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसके प्रथम चरण में 25 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कोर-आईसी टेक्नोलाजीज प्रायवेट लिमिटेड के संस्थापक पंकज गर्ग ने भी विभिन्न चरणों में कुल 100 करोड़ रुपये के निवेश से चिप डिजाइन सर्विसेज स्थापित करने पर सहमति जताई।
डेटा सेंटर, स्पेसटेक में नए निवेश प्रस्ताव
डीपटेक वेंचर कैपिटल फंड सीफंड के नरेंद्र भंडारी ने मध्यप्रदेश के स्टार्टअप्स के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की फंडिंग उपलब्ध कराने की योजना प्रस्तुत की। नाइनस्टार्स इंफार्मेशन टेक्नोलाजीज प्रायवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं सीईओ गोपाल कृष्णन ने आधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने पर विमर्श किया।
स्पेसटेक के क्षेत्र में गैलेक्सी के सह-संस्थापक रक्षित भट्ट और पायल दवे ने अपनी सहभागिता को लेकर संवाद किया।
इसके अलावा रैपिडो के सह-संस्थापक पवन गुंटुपल्ली तथा पर्यावरण एवं सस्टेनेबिलिटी क्षेत्र में कार्य कर रही कंपनी डोनाउ कार्बन इंडिया के सीईओ वीरेंद्र चौधरी ने भी प्रदेश में अपनी योजनाओं को लेकर चर्चा की।