- रेल संरक्षा आयुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद दौड़ने लगेंगी ट्रेनें
ग्वालियर। (नईदुनिया प्रतिनिधि)। रेल संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने शुक्रवार को डबरा-आंतरी के बीच तीसरी लाइन का निरीक्षण किया। ट्रैक, सिग्नल, ओएचई, ब्रिज, पाइंट्स की जांच की। 120 किमी प्रति घंटा की गति से ट्रेन दौड़ाकर ट्रायल लिया गया। संरक्षा आयुक्त से हरी झंडी मिलने के बाद 20 किमी लंबे ट्रैक पर यात्री व मालगाड़ियों का संचालन शुरू किया जाएगा। तीसरी लाइन पर ट्रेनों के संचालन से सेक्शन की क्षमता बढ़ेगीछ। ट्रेनों को रोकना नहीं पड़ेगा। इससे समय बचेगा।
मथुरा से बीना के बीच तीसरी लाइन का निर्माण किया जा रहा है। जहां पर निर्माण पूरा हो गया है, उस ट्रैक का मिलान करके ट्रैक को चालू किया जा रहा है। डबरा से आंतरी के बीच 19.896 किमी लंबे ट्रैक का कार्य पूरा हो गया है। कार्य पूरा होने के बाद उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इसके बाद संरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण किया। ट्रैक, सिग्नल, गेट, ओएचई, ब्रिज, पाइंट्स आदि का गहन निरीक्षण किया गया= इस दौरान इंस्पेक्शन कैरिज तथा मोटर ट्राली से रेलखंड के अंतर्गत आने वाले डबरा,अनंत पैठ एवं आंतरी स्टेशन पर सभी प्रकार के नए संस्थापनों नये स्टेशन भवनों की जांच की। साथ ही डबरा- आंतरी रेल खण्ड पर मोटर ट्राली से भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद नए ट्रैक पर ट्रैन को 120 किमी.प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ाकर स्पीड ट्रायल लिया गया। स्पीड से ट्रैक की गुणवत्ता, रीडिंग क्वालिटी आदि की जांच की। इस तीसरी लाइन के खंड के प्रारंभ होने से डबरा- आंतरी रेल खंड पर गाड़ियां की गति बढ़ेगी। संरक्षा आयुक्त इस रिपोर्ट को मुख्यालय में सौंपेंगे।
अधिकारियों ने पौध रोपड़ भी किया
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) शरद मेहता, मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष, कार्यकारी निदेशक (रेल विकास निगम लि.) अनुराग, सी.ई.डी.ई संजीव कुमार, सीएसई एसआर मीणा, मुख्य इंजिनियर(टी.एम.सी) राजेश कुमार श्रीवास्तव, सी.पी.एम(रेल विकास निगम लि.) श्री संतोष कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने पौध रोपण भी किया।