ग्वालियर में ट्रेन में छूटा यात्री का ट्रॉली बैग सुरक्षित मिला, 139 हेल्पलाइन से शिकायत के बाद आरपीएफ ने लौटाया
झांसी मंडल के नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद ग्वालियर आरपीएफ ने ट्रेन को अटेंड किया और बैग बरामद कर आरपीएफ पोस्ट पर रखवा दिया।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 12:06:16 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 12:06:45 PM (IST)
बैग प्राप्त करती युवती शिवानी पांडे।HighLights
- झांसी उतरते समय कोच में छूटा बैग
- 139 हेल्पलाइन पर की थी शिकायत
- पहचान व टिकट जांच के बाद सौंपा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हैदराबाद से झांसी तक यात्रा कर रही शिवानी पांडे का ट्रॉली बैग ट्रेन में छूट गया। महिला की 139 हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने के बाद ग्वालियर आरपीएफ ने बैग बरामद कर सुरक्षित रखा और जांच के बाद उन्हें सौंप दिया।
139 हेल्पलाइन की ली हेल्प
जानकारी के अनुसार, शिवानी पांडे गाड़ी संख्या 12707 के कोच बी-4 की बर्थ नंबर तीन पर यात्रा कर रही थीं। झांसी स्टेशन पर उतरते समय उनका बैग कोच में ही छूट गया। इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने 139 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। झांसी मंडल के नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद ग्वालियर आरपीएफ ने ट्रेन को अटेंड किया और बैग बरामद कर आरपीएफ पोस्ट पर रखवा दिया।
बाद में शिवानी ग्वालियर आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं। पूछताछ के साथ उनके यात्रा टिकट और पहचान पत्र की जांच की गई। पुष्टि के बाद करीब पांच हजार रुपये कीमत का बैग उप निरीक्षक अवतार सिंह ने महिला आरक्षक सोनम राठौर की मौजूदगी में उन्हें सौंप दिया। रेलवे पुलिस बल लगातार लोगों के बैगों को वापस कर रहा है। एक दिन पहले भी एक बैग वापस किया गया था।