ग्वालियर में रुपयों के लेनदेन पर अंधाधुंध फायरिंग: 2 दोस्तों को घर से बुलाकर मारी गोली, 10 राउंड फायर कर बदमाश फरार
इस जानलेवा हमले में एक युवक के पेट और दूसरे के पैर में गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 03:53:47 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 03:55:27 PM (IST)
अजय तोमर के पेट में लगी गोली, दूसरे चित्र में पैर में गोली लगने से घायल सादिक। नईदुनियाHighLights
- घर से बुलाकर ताबड़तोड़ फायरिंग
- 10 राउंड गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत
- अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित आरा मिल इलाके में बुधवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। पैसों के मामूली लेनदेन को लेकर हुए विवाद में बेखौफ बदमाशों ने दो दोस्तों को घर से बाहर बुलाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एक युवक के पेट और दूसरे के पैर में गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सामने से पेट और पैर में मारी गोली
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरा मिल निवासी अजय तोमर और सादिक खान आपस में गहरे दोस्त हैं। इनका क्षेत्र के ही रहने वाले धीरज तोमर और अन्नू के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार शाम को भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो उस वक्त शांत हो गई थी।
घर से बुलाया और शुरू कर दी फायरिंग
बुधवार रात करीब 11:30 बजे रंजिश रखे धीरज और अन्नू अपने अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर पहुंचे। उन्होंने पहले अजय और फिर सादिक को बातचीत के बहाने घर से बाहर बुलाया। जैसे ही दोनों बाहर आए, आरोपियों ने मारपीट करते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया।
10 राउंड फायर कर भागे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के मुताबिक बदमाशों ने बेखौफ होकर करीब 10 राउंड हवाई और सीधी फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंची पुलिस, मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अजय की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियो की तलाश में दबिश दी जा रही है।