ग्वालियर में मनचले से दहशत में दो बहनें... कहता है शादी करो नहीं तो एसिड से बिगाड़ दूंगा चेहरा
पीड़िताओं ने जब अपने स्वजन को इस बारे में बताया तब स्वजन थाने लेकर पहुंचे।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 09:09:28 AM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 09:10:02 AM (IST)
HighLights
- शादी का दबाव और एसिड की धमकी
- पीड़ित के दादा को झूठे केस की धमकी
- मनचले व उसकी मां पर एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर के अंतर्गत आने वाले पोस्तीखाना इलाके में एक बेखौफ मनचला दो नाबालिग बहनों को प्रताड़ित कर रहा है। आरोपी नक्ष सिंह भदौरिया उर्फ ईशू लगातार छात्राओं को परेशान कर रहा है, जिससे तंग आकर दोनों छात्राओं ने घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है।
पीड़िताओं को स्वजन लेकर पहुंचे थाने
पीड़िताओं ने जब अपने स्वजन को इस बारे में बताया तब स्वजन थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी नक्ष सिंह भदौरिया और उसकी मां ममता भदौरिया पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी इनसे कहता था- शादी करो, अगर ऐसा नहीं किया तो एसिड फेंककर चेहरा बिगाड़ देगा। जब छात्राओं को इनके स्वजन उसकी मां के पास लेकर पहुंचे तो आरोपी की मां ने इन्हें धमका दिया।
आरोपी नक्ष रास्ते में रास्ता रोककर जबरन शादी का बनाता था दबाव
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी नक्ष सिंह भदौरिया उर्फ ईशू आए दिन उसका और उसकी छोटी बहन का पीछा करता है। रास्ते में उनका रास्ता रोककर जबरन शादी करने का दबाव बनाता है। जब छात्राएं और उनके स्वजन इसका विरोध करते हैं, तो आरोपी उनकी तस्वीरें एडिट करके इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है।
जायदाद हड़पने की धमकी और तेजाब से हमला करने का डर
मनचले की करतूतें यहीं नहीं रुकीं, वह खुलेआम धमकी देता है कि वह दोनों बहनों से शादी करके उनकी पूरी जायदाद हड़प लेगा। विरोध करने पर वह दोनों बहनों पर तेजाब डालकर उनके चेहरे जलाने की धमकी देता है, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
शिकायत करने पहुंचे दादा को आरोपी की मां ने दी झूठी एफआईआर की धमकी
घटना के संबंध में जब पीड़ित छात्राओं के दादा आरोपी के घर उसकी हरकतों की शिकायत करने पहुंचे, तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोपी की मां ने अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा पीड़ितों को ही धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी की मां ने धमकी दी कि यदि उन्होंने कोई शिकायत की, तो वह खुद अपने कपड़े फाड़कर थाने चली जाएगी और परिवार के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवा देगी।
मनचलों को क्यों नहीं रोक पा रहे पुलिस के यह अभियान
- निर्भया मोबाइल टीम: महिला पुलिसकर्मियों की टीम स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास गश्त करती है। छात्राओं को परेशान करने, पीछा करने और फब्तियां कसने वालों पर नजर रखती है। संदिग्ध युवकों से पूछताछ और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करती है। छात्राएं टीम से सीधे संपर्क कर शिकायत कर सकती हैं।
- ऊर्जा डेस्क अभियान: स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिला सुरक्षा के लिए विशेष अभियान। मनचलों के जमावड़े वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी। छात्राओं और महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानना।
- मुस्कान की टोकरी अभियान: विशेष पहल नवंबर 2025 में शुरू की गई। इस पहल में छात्राएं अपनी शिकायत लिखकर एक निर्धारित टोकरी में डाल सकती हैं। मनचलों की हरकतों, आनलाइन अभद्र टिप्पणियों और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने की सुविधा। पुलिस द्वारा शिकायतें एकत्र कर उनके निराकरण की व्यवस्था।इसका उद्देश्य उन छात्राओं को भी शिकायत का अवसर देना है, जो सीधे पुलिस के सामने आने में संकोच करती हैं।
- पिंक पुलिस चौकी और बूथ: अप्रैल 2025 में महिला पुलिसकर्मियों से संचालित पिंक पुलिस स्टेशन की पहल शुरू हुई। सराफा बाजार में पिंक पुलिस बूथ स्थापित किया गया। महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया की व्यवस्था की गई।
हम होंगे कामयाब अभियान: स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम। नुक्कड़ नाटक, जनचौपाल और रैलियां। गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, महिला अधिकार और हेल्पलाइन की जानकारी।