त्योहारी सीजन में ग्वालियर के रेल यात्रियों को राहत, हरिद्वार और दिल्ली के लिए चलेंगी 2 पूजा स्पेशल ट्रेनें; 5 मिनट रहेगा ठहराव
त्योहारी सीजन में ग्वालियर से हरिद्वार और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा। दोनों स्पेशल ट्रेनों के पांच-पांच फेरे होंगे।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 10:17:26 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 10:18:08 PM (IST)
HighLights
- दुर्गा पूजा और छठ पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
- हरिद्वार और निजामुद्दीन के लिए 5-5 फेरे
- ग्वालियर स्टेशन पर 5 मिनट का स्टॉपेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ग्वालियर के यात्रियों के लिए दो साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन घोषित किया है। जबलपुर से हरिद्वार और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली इन दोनों ट्रेनों का ग्वालियर में पांच मिनट का ठहराव रहेगा। इससे त्योहारी सीजन में ग्वालियर से हरिद्वार और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प मिलेगा। दोनों स्पेशल ट्रेनों के पांच-पांच फेरे होंगे।
ट्रेन नंबर 01703 जबलपुर-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। जबलपुर से दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन रात 2:15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 2:20 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 2:20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
हरिद्वार से ट्रेन दोपहर 3:10 बजे होगी रवाना
वापसी में ट्रेन नंबर 01704 हरिद्वार-जबलपुर स्पेशल 23 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। हरिद्वार से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह 4:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और 4:25 बजे जबलपुर के लिए रवाना होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, अलीगढ़, खुर्जा, हापुड़, मेरठ सिटी और रुड़की सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव रहेंगे। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 01707 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन साप्ताहिक स्पेशल 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। जबलपुर से रात 8:20 बजे रवाना होकर ट्रेन अगले दिन सुबह 7:30 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।
पांच मिनट स्टॉप के बाद निजामुद्दीन के लिए होगी रवाना
यहां पांच मिनट ठहरने के बाद 7:35 बजे हजरत निजामुद्दीन के लिए रवाना होगी और दोपहर 2:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01708 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर स्पेशल 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। निजामुद्दीन से दोपहर 3:45 बजे रवाना होकर यह ट्रेन रात 10:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और पांच मिनट बाद 10:45 बजे जबलपुर के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन के दोनों दिशाओं में ग्वालियर के अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा और कोसीकलां समेत निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।