
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार शाम एक बैंक मैनेजर को कार चलाते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया। इससे कार बेकाबू होकर आगे चल रही एक कार और दो दोपहिया वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद लोगों ने बेहोश मैनेजर को कार से बाहर निकालकर तुरंत सीपीआर दिया और निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक मौके पर दिया गया सीपीआर उनके लिए जीवनरक्षक साबित हुआ।
यूनियन बैंक के मुख्य प्रबंधक गिर्राज बघेल बैंक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी सेंटर में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। कार पर नियंत्रण बिगड़ने से टक्कर हो गई। टक्कर में अन्य वाहनों के चालकों को भी हल्की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही वे भी मदद के लिए आगे आ गए। बघेल को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हार्ट अटैक के समय घबराएं नहीं। गाड़ी चला रहे हों तो उसे तुरंत सड़क किनारे रोकें, हेडलाइट और इंडिकेटर चालू करें और मदद के लिए आवाज लगाएं। सीने में भारीपन, बाएं हाथ, जबड़े या पीठ में दर्द, सांस फूलना, पसीना आना और चक्कर आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसी स्थिति में 108 या 112 पर कॉल करें। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल न जाएं। यदि डॉक्टर ने पहले से सोर्बिट्रेट टैबलेट दी है तो उसे जीभ के नीचे रखें। एस्पिरिन चबाकर खा सकते हैं, लेकिन डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा न लें।
- डॉ. गौरव कवि भार्गव, हृदय रोग विशेषज्ञ, जयारोग्य अस्पताल
कोई व्यक्ति अचानक बेहोश हो जाए, सांस न ले रहा हो या नब्ज न मिल रही हो तो तुरंत सीपीआर शुरू करें। दोनों हाथ एक के ऊपर एक रखकर छाती के बीच में तेजी और गहराई से प्रति मिनट 100 से 120 बार दबाव दें। एंबुलेंस आने तक सीपीआर जारी रखें। व्यक्ति को भीड़ से दूर रखें, हवा आने दें और पैर थोड़े ऊपर रखें। समय पर सीपीआर देने से मरीज के बचने की संभावना दो से तीन गुना बढ़ जाती है। तुरंत एंबुलेंस या पुलिस को सूचना दें।
ठंड में शरीर की नसें सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ता है और दिल पर दबाव पड़ता है। सुबह जल्दी ठंड में टहलना, गर्म कपड़ों के बिना बाहर निकलना, ज्यादा तला-भुना खाना और धूम्रपान हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा सकते हैं। डॉक्टरों ने 40 साल से अधिक उम्र के लोगों, बीपी, शुगर और कोलेस्ट्रॉल के मरीजों तथा दिल के पुराने मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह की सैर धूप निकलने के बाद करें, गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिएं और भारी वजन उठाने से बचें। सीने में हल्का दर्द हो तो उसे गैस समझकर नजरअंदाज न करें।
सिटी सेंटर में कार चला रहे बैंक प्रबंधक को दिल का दौरा पड़ा था। इससे कार बेकाबू होकर अन्य गाड़ियों से टकरा गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
-रविंद्र जाटव, थाना प्रभारी, यूनिवर्सिटी।