Vande Bharat Express: ग्वालियर में भी रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, भोपाल से चलकर शाम 7.48 पर पहुंचेगी यहां
Vande Bharat Express : ग्वालियर के लोगों के लिए खुश खबरी है। दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन ग्वालियर रुकेगी।
By anil tomar
Edited By: anil tomar
Publish Date: Wed, 29 Mar 2023 03:04:47 PM (IST)
Updated Date: Wed, 29 Mar 2023 03:26:41 PM (IST)

Vande Bharat Express: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। ग्वालियर व आसपास के अंचल के लोगों के लिए खुश खबरी है। दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब ग्वालियर में भी रुकेगी। पहले वंदे भारत ट्रेन का स्टापेज ग्वालियर में नहीं किया जा रहा था। लेकिन वंदे भारत एकसप्रेस के ट्रायल के साथ ही नईदुनिया ने इसके स्टापेज के लिए अभियान चलाया। अभियान के फलस्वरूप वंदे भारत का स्टाप अब ग्वालियर में किया गया है। एक अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
अभी वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल चल रहा था। वंदे भारत ट्रेन एक अप्रैल से रोजाना दिल्ली से ग्वालियर के बीच चलेगी। वंदे भारत ट्रेन भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से दोपहर 3.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन ग्वालियर रेलवे स्टेशन शाम 7 बजकर 48 मिनट पर आएगी। इसके बाद दो मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन 7.50 पर दिल्ली के लिए रवाना होगी। ग्वालियर के बाद इसका स्टापेज आगरा भी होगा। रात करीब 9.30 बजे वंदे भारत ट्रैन नई दिल्ली पहुंचेगी।
पांच दिन चलाया नईदुनिया ने अभियान
वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल के साथ ही यह बताया गया था कि इसका स्टापेज ग्वालियर नहीं होगा। इसलिए नईदुनिया ने ट्रेन को ग्वालियर रुकवाने के लिए पांच दिन तक लगातार अभियान चलाया। अभियान के फलस्वरूप रेलवे ने ट्रेन को ग्वालियर रोकने का निर्णय लिया है।
वंदे भारत की मांग भी ग्वालियर से हुई थी
वंदे भारत ट्रेन को चलाने की मांग भी ग्वालियर से ही हुई थी। इस ट्रेन के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखा था। साथ ही विभिन्न माध्यमों से भी इस ट्रेन को चलाने की मांग की गई। इसके बाद ही ट्रेन को मध्यप्रदेश में चलाया गया।