युवती पर पानी गिरने के विवाद में रिटायर्ड फौजी ने चलाई गोलियां, दंपती के साथ मारपीट के बाद की फायरिंग
गनीमत रही कि गोलियां किसी को लगी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 04:36:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 04:36:38 PM (IST)
घटना का सीसीटीवी फुटेच। सोशल मीडियाHighLights
- प्रीतम विहार कॉलोनी में हुआ मामूली बात पर विवाद
- लाइसेंसी बंदूक से की कई राउंड हवाई फायरिंग
- पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित प्रीतम विहार कॉलोनी में मामूली विवाद पर गोलियां चल गईं। सड़क से गुजर रही एक युवती पर पानी के छींटे पड़ने का विरोध करने पर पड़ोसी (सेवानिवृत्त फौजी) इस कदर आपा खो बैठा कि उसने पहले दंपती के साथ सरेराह मारपीट की और फिर अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर तीन से चार राउंड फायर किए।
गनीमत रही कि गोलियां किसी को लगी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
श्रष्ठी वहां से गुजरी, तो उस पर पानी गिर गया
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब सात बजे देवेश सिंह तोमर के घर के सामने निर्माणाधीन प्लाट की दीवार पर पड़ोसी व सेवानिवृत्त फौजी पूरन सिंह राजावत पाइप से पानी डाल रहा था।
इसी दौरान देवेश की बेटी श्रष्ठी वहां से गुजरी, तो उस पर पानी गिर गया। बेटी की शिकायत पर जब देवेश और उनकी पत्नी ने पूरन सिंह से एहतियात बरतने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया।
कॉलोनी में मच गई अफरा-तफरी
बात बढ़ते ही उसने गाली-गलौज करते हुए देवेश पर हमला कर दिया और लात-घूंसों से पीटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हंगामे के बीच आरोपी अपने घर के भीतर गया और लाइसेंसी 12 बोर की राइफल उठाकर ले आया। गोलियों की आवाज से पूरी कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।