ग्वालियर में द्वारका नगरी योजना की 28 सड़कों का काम अटका, वित्तीय स्वीकृति के बिना रुका 155 करोड़ का प्रोजेक्ट
नगर निगम अधिकारी अब बजट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। सभी सड़कों का निर्माण ह्वाइट टापिंग तकनीक से होना है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 02:44:04 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 02:45:08 PM (IST)
HighLights
- कार्यादेश जारी होने पर भी बजट का इंतजार
- हजीरा से चार शहर नाका सड़क का भूमिपूजन टला
- तीन विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगी सड़कें
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। द्वारका नगरी योजना के तहत शहर में 155 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 28 से अधिक सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। राज्य शासन ने योजना के लिए बजट जारी करने की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। लेकिन, वित्तीय स्वीकृति लंबित है। टेंडर प्रक्रिया और कार्यादेश जारी होने के बावजूद बजट न मिलने से काम शुरू नहीं हो सके हैं।
बजट मिलने की उम्मीद में दो सड़कों का काम शुरू करने की तैयारी की गई थी, लेकिन बाद में इसे होल्ड पर डाल दिया गया। इनमें शामिल हजीरा चौराहे से चार शहर का नाका तक की सड़क का सोमवार को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा भूमिपूजन प्रस्तावित था, लेकिन बाद में कार्यक्रम से हटा दिया गया।
बजट मिलने का इंतजार
दूसरी सड़क होटल सनबीम से निगम मुख्यालय, कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम और बाल भवन होते हुए राजा मानसिंह प्रतिमा तक प्रस्तावित है। नगर निगम अधिकारी अब बजट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। सभी सड़कों का निर्माण ह्वाइट टापिंग तकनीक से होना है। लंबे समय तक टिकाऊ बनाने के लिए सड़कों के किनारे यूटिलिटी डक्ट और ड्रेनेज की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
प्रस्तावित सड़कें और लागत
- ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र (14 सड़कें): एसपी आफिस-सिल्वर स्टेट तिराहा (5.84 करोड़), मानसिंह चौराहा (3.50 करोड़), टाइगर चौक-दाने बाबा चौराहा (5.32 करोड़), भिंड रोड-सेंट्रल अकेडमी (2.07 करोड़), भिंड रोड-कृष्णा काम्प्लेक्स (1.36 करोड़), दाने बाबा-मुक्तिधाम श्रीराम वाटिका (2.29 करोड़), सिंधिया स्टेच्यू-टाइगर चौक (5.51 करोड़), जड़ेरूआ एक्सटेंशन-सूखा की कोठी (1.71 करोड़), गंगा विहार तिराहा-दाने बाबा (1.09 करोड़), मंडी के पिछले गेट-आस्तिकदेव नगर चौराहा (3.98 करोड़), दंडोतिया मार्केट-बीपी सिटी (4.38 करोड़), बीपी सिटी-जड़ेरूआ बांध (3.40 करोड़) और ब्लू लोटस मेन गेट-पानी की टंकी (3.15 करोड़)।
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र (आठ सड़कें): हजीरा चौराहे से बिरला नगर पुल तक 1100 मीटर सड़क पर 11 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा हजीरा चौराहा-चार शहर का नाका (2.40 करोड़), पप्पू राय जिम-सरमन पुलिया (3.50 करोड़), तानसेन नगर एलआईसी पुलिया-रमटापुरा (4.82 करोड़), लधेड़ी सती बिहार-जलालपुर चौराहा (3.50 करोड़) और नहर वाले हनुमान-प्रभात राय मूर्तिकार (4.70 करोड़) की सड़कें बनाई जाएंगी।
ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र (छह सड़कें): कंपू थाना- गुढ़ा- गुड़ी का नाका (2.51 करोड़), हेमू कालोनी चौक-खासगी चौराहा (1.46 करोड़), जनहित स्कूल-12 बीघा पुलिया (3.16 करोड़), माधौगंज थाना-हेमसिंह की परेड (1.75 करोड़), महाराज बाड़ा-सराफा बाजार-गश्त का ताजिया (1.89 करोड़) और लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम मुख्य मार्ग (1.47 करोड़)।