हरदा में पुरानी रंजिश में भिड़ गए नेता और सरपंच; एक ने कहा बुलडोजर चलवा दूंगा तो दूसरे ने दी गोली मारने धमकी
पुरानी रंजिश में नाली निर्माण के दौरान सरपंच और भाजपा नेता के बेटे के बीच विवाद हो गया। दोनों ने मारपीट के आरोप लगाए हैं।
Publish Date: Fri, 17 Jul 2026 04:28:13 PM (IST)Updated Date: Fri, 17 Jul 2026 04:28:13 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- पुरानी रंजिश में नाली निर्माण के दौरान सरपंच और भाजपा नेता के बेटे के बीच विवाद
- सिराली पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू की
- एक पक्ष ने पथराव का आरोप लगाया, दूसरे ने डंडे से मारने की शिकायत की
नईदुनिया प्रतिनिधि, हरदा। हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मर्दानपुर में पुरानी रंजिश को लेकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा के बेटे नितिन मीणा और ग्राम सरपंच सुनील मीणा के बीच विवाद हो गया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाली गलौच और मारपीट
सरपंच सुनील मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे वह गांव की मिडिल स्कूल के सामने नाली निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान नितिन मीणा वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए कार से डंडा निकालकर उनके साथ मारपीट की।
सरपंच का आरोप है कि नितिन ने नाली निर्माण कार्य बंद करने की धमकी देते हुए कहा कि यदि काम नहीं रोका गया तो बुलडोजर से नाली खुदवा देगा।
मारपीट में सरपंच के दोनों हाथ और कमर में चोट आई। उन्होंने पुलिस को चोट के निशान भी दिखाए और आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर नितिन मीणा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा ने भी सिराली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि गुरुवार शाम जब वह खेत से गांव लौट रहे थे, तब सरपंच सुनील मीणा ने रास्ते में उनकी कार रोककर उनके पुत्र को लेकर विवाद किया, गाली-गलौज की और उन्हें तथा उनके बेटे को गोली मारने की धमकी दी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच ने पथराव किया, जिससे उनके दाहिने कंधे पर चोट आई। पुलिस ने अमर सिंह मीणा की शिकायत पर सरपंच सुनील मीणा के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
ग्राम मर्दानपुर में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।- सीताराम पटेल, थाना प्रभारी