
हरदा, नवदुनिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश में हरदा शहर के खेड़ीपुरा नई आबाड़ी इलाके में 17-18 जून दरमियानी रात हुई युवक की हत्या का केस पुलिस ने सुलझा लिया है। युवक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। दोनों मिलकर लंबे समय से हत्या की साजिश रच रहे थे। इसके लिए युवक की पत्नी ने गूगल पर व्यक्ति को काबू करने के लिए हाथ कैसे बांधे यह भी सर्च किया था। सर्च हिस्ट्री से ही यह खुलासा हुआ कि पत्नी ने ही पति की हत्या की है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि मोहम्मद आमिर खान (42 वर्ष) पिता फिरोज खान की 17-18 जून दरमियानी रात में हत्या हुई थी। इसके बाद जांच शुरू की गई। इसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। इसमें मृतक की पत्नी और प्रेमी ने कॉल लॉग से कुछ डिटेल डिलीट कर दी थी, साथ ही इंटरनेट मीडिया पर हुई बातचीत भी डिलीट की थी। इससे संदेह बढ़ता गया। इसके अलावा मृतक के शरीर पर संघर्ष के निशान भी मिले। लेकिन मृतक की पत्नी ने पास के कमरे में रहने के बाद भी कोई आवाज आने से इनकार दिया, इससे भी पुलिस का संदेह गहराता गया। इसके बाद जांच में पता चला कि महिला ने इंटरनेट पर सर्च किया था कि किसी को काबू करने के लिए हाथ कैसे बांधे।
प्यार के बीच में आया पति तो हटा दिया
पुलिस ने बताया कि लाकडाउन में पति के घर पर रहने से प्रेम-प्रेमिका के बीच दूरियां बढ़ गईं, जिसे मिटाने के लिए दोनों के बीच में आ रहे महिला के पति की हत्या कर दी गई। लाकडाउन के कारण महिला का पति ज्यादातर समय घर पर ही रहने लगा, जिससे महिला एवं उसका प्रेमी मिल नहीं पा रहे थे। आरोपित महिला ने प्रेमी के साथ योजना बनाकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। दोनों आरोपित प्रेम व प्रेमिका महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
नगर पालिका के एआरआइ ने प्रेमिका के साथ मिलकर की हत्या
पुलिस ने बताया कि आरोपित इरफान खान (37 वर्ष) पिता शेख शब्बीर निवासी खेड़ीपुरा नई आबादी नगर पालिका परिषद में सहायक राजस्व निरीक्षक है। उसने लंबे समय से प्रेमिका रही तबस्सुम खान (37 वर्ष ) के साथ मिलकर मोहम्मद आमिर खान (42 वर्ष) पिता फिरोज खान की हथोड़ी से सिर पर बार करके हत्या की। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पीले रंग की हथौड़ी, हत्या के दौरान आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े, हत्या की योजना के लिए उपयोग करने वाले मोबाइल भी जब्त किए गए।
कमजोर करने दमा की दी दो गोली : पुलिस ने बताया कि पति दमा की बीमारी का शिकार था। यह जानते हुए उसे कमजोर करने लिए आरोपित महिला ने दमा की दो गोली खिला दी। इससे वह कमजोर हो गया। जिसका फायदा दोनों आरोपितों ने उठाया। इसके बाद भी मृतक ने वारदात के दौरान बहुत संघर्ष किया। इसकी चोंट के निशान भी उसके शरीर पर देखे गए। वहीं मृतक की पत्नी ने बताया अलमारी से 20 हजार रुपये चोरी हुए हैं, जबकि पास में ही रखे में पर्स में सात हजार रुपये वैसे ही रखे रहे।
खेड़ीपुरा नई आबादी में गुरुवार-शुक्रवार की रात हुई मोहम्मद आमिर खान की हत्या की आरोपित उसकी पत्नी एवं पड़ोस में रहने वाला नगर पालिका में सहायक राजस्व निरीक्षक इरफान खान ही निकला। लंबे समय दोनों के बीच प्रेम था। दोनों मोहम्मद आमिर को हटाना चाहते थे। इसके लिए साजिश रखकर हत्या की घटना की अंजाम दिया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। - मनीष कुमार अग्रवाल, एसपी, हरदा