खिरकिया। नवदुनिया न्यूजयुवा आगे बढ़ेंगे तो देश आगे बढ़ेगा। नेहरु युवा केंद्र युवाओं को विकास की राह दिखाता है। रचनात्मक एवं सामाजिक सेवा के लिए आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। किसी भी देश के विकास का दारोमदार उसकी युवा शक्ति पर आधारित होता है। वे देश के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः किसी भी देश का विकास उस देश के युवकों के बल पर ही संभव हो सकता है। जिस देश की युवा-शक्ति जितनी प्रशिक्षित, संगठित, दलबंदी और द्वेष भावना से मुक्त होगी, वह देश उतना अधिक विकसित होगा। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा ने रविवार को चारुवा में एक निजी स्कूल भवन में नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित आस पड़ोस युवा संसद में कही। उन्होंने कहा कि युवा ग्राम विकास में भागीदार बनें एवं सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक जरूर पहुंचाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनपद पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह सोलंकी ने कहा कि किसी देश में रहने वाले लोग राष्ट्र के विकास और प्रगति के लिए स्वयं जिम्मेदार होते हैं। किसी भी राष्ट्र में कुल जनसंख्या का 20-30 फीसद हिस्सा युवा होते हैं। कामकाजी लोग और विशेष रूप से युवा किसी भी राष्ट्र की प्रगति तय करते हैं।
युवा संसद में जैविक खेती में युवाओं का भविष्य विषय पर बोलते हुए कृषक सुधीर सोनी ने कहा कि प्राकृतिक खेती का मतलब है- कम लागत, अधिक मुनाफा। आज जब दुनिया बैक टू बेसिक की बात करती है, तो उसकी जड़ें भारत से जुड़ती दिखाई पड़ती हैं। कृषि से जुड़े हमारे इस प्राचीन ज्ञान को हमें न सिर्फ फिर से सीखने की, बल्कि उसे आधुनिक समय के हिसाब से तराशने की भी जरूरत है। भारतीय संस्कृति का देश के आर्थिक विकास में योगदान विषय पर बोलते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राकेश पाराशर ने कहा कि वैसे तो भारत की संस्कृति हजारों सालों से सम्पन्ना रही है। भारत की जो सांस्कृतिक विविधता एवं संपन्नाता है। उसको सबसे आगे लाकर हम भारत को एक सांस्कृतिक महाशक्ति के रूप में परिवर्तित कर सकते हैं। यह हमारा उद्देश्य एवं आकांक्षा होनी चाहिए। बीएमओ डॉ आरके विश्वकर्मा ने भी कोविड विषय पर अपने विचार रखे।
व्यवसायी सुनील जैन ने कहा कि देश के विकास में महिलाओं के योगदान को नकारा नहीं जा सकता। अनादि काल से ही हमारे देश में समय समय पर महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में श्रेयांस श्रीवास ने युवा संसद की अवधारणा बताई। नेहरू युवा केंद्र की मोनिका चौधरी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान स्कूल के डायरेक्टर गणेश श्रीवास, पंकज पटवारे, गुप्तेश्वर मंदिर के पुजारी पं. गणेश पूरी, नगर परिषद सीएमओ राजेंद्र श्रीवास्तव, टीआइ सुनील यादव, वरिष्ठ नेता पूनमचंद गुप्ता, शिवनारायण साध, ललित पालीवाल, प्रथमेश जैन, महेंद्र सिंह खनूजा, सुनील निलोसे, वीरेंद्र गोलू अग्रवाल, अजीत राजपाल, शैलेंद्र राय, आशीष अग्रवाल, आशुतोष पाराशर आदि उपस्थित थे।