हरदा (नवदुनिया प्रतिनिधि)। शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर चारखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे स्टेशन मास्टर इंद्रजीत कुमार यादव को मंगलवार-बुधवार की रात जहरीले सांप ने डस लिया। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने ही जिला अस्पताल में लाया गया। जहां पर उपचार शुरू किया गया। जिससे उनकी जान बच सकी है। घटना के बाद अन्य रेलवे स्टेशन पर तैनात सहकर्मी रेलवे कर्मचारी ने अपने साथियों की मदद से डसने वाले सांप को मार डाला। रेलवे कालोनी हरदा में रहने वाले इलाहाबाद निवासी स्टेशन मास्टर यादव ने बताया कि रात डेढ़ बजे वह स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान जहां पर वे बैठे हुए थे, वहां पैनल के नीचे एक जहरीले सांप ने उनके पैर की उंगलियों में डस लिया। घटना के बाद वे बुरी तरह से डर गए। उन्होंने तत्काल अपने सहकर्मियों को सांप के काटने की जानकारी दी। वे अपने सहकर्मियों ने बिना किसी देरी के विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद निजी साधन से स्टेशन मास्टर यादव को गंभीर अवस्था मे लेकर जिला अस्पताल पंहुचे। सिविल सर्जन डा. मनीष शर्मा और उनकी टीम ने तत्काल इलाज कर मेरी जान बचाई है।
गंभीर हालत में लाए थे अस्पताल
सिविल सर्जन डा. शर्मा ने बताया कि रात को गंभीर हालत में स्टेशन मास्टर आइके यादव को लाया गया था। उन्हें कोबरा सांप ने पैर की उंगलियों में कांट लिया था। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जिसके बाद उन्हें जरूरी इलाज देकर उनकी जान बचा ली गई है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्हें वेंटिलेटर से बाहर निकालकर आईसीयू में रखा गया है। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
जिला अस्पताल में सर्पदंश से पीड़ित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इस महीने करीब तीन दर्जन से अधिक सर्प दंश के मामले आ चुके हैं। बता दें कि सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत डा. शर्मा ने इससे पहले भी सैकड़ों मरीजों की जान बचाई है। डा. शर्मा ने बताया कि सर्पदंश के मामले में समय रहते हुए उपचार नहीं होने पर जान जाने का खतरा बढ जाता है।
ट्रेन नहीं हुई प्रभावित
बताया जा रहा कि रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के केबिन में सांप के घुसने एवं सर्पदंश के मामले से ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। सार्थी कर्मियों द्वारा व्यवस्था को संभाल लिया था। लेकिन रात के समय स्टेशन पर ड्यूट कर रहे रेलवे कर्मियों दशहत का माहौल बन गया।