
नवदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रैनीपानी से एक बेहद दर्दनाक और मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपनी ही मां और सौतेले पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित कमलेश उइके अपनी गर्भवती पत्नी को डिलीवरी के लिए मां के घर लेकर आया था, जिसका उसके सौतेले पिता राधे उइके द्वारा विरोध किया जा रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। घटना की रात कमलेश, उसकी मां तितो बाई और सौतेले पिता ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद नशे की हालत में पुराना विवाद फिर से गहरा गया।
विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से से आगबबूला होकर कमलेश ने चूल्हे की एक जलती हुई मोटी लकड़ी उठाई और दोनों बुजुर्गों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटें आने के कारण मां तितो बाई और सौतेले पिता राधे उइके की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार होकर जंगल की तरफ भाग निकला था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के निर्देशन में एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सोहागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर और 6 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपित को एक कच्चे नाले के पास से धर दबोचा।
आरोपित कमलेश उइके के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। अरविंद शाह, एसडीओपी, सोहागपुर।