
होशंगाबाद(ब्यूरो)। पर्यावरण को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाने वाली पॉलीथिन और डिस्पोजल के खिलाफ समय समय पर अभियान चलते रहे हैं। इसके बाद भी इसे लेकर आमजन में उतनी जागरूकता नहीं आ रही है, जितनी आना चाहिए। ऐसे में पर्यावरण के लिए ये बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। जमीन, जानवर के साथ साथ जनमानस पर इसका दुष्प्रभाव बढ़ता जा रहा है। प्रतिबंध के बावजूद बड़े पैमाने पर धड़ल्ले से अमानक स्तर के पॉलथिन की बिक्री जोरों से चल रही है।
रोक के बाद भी जारी है चलन
न्यायालय के निर्देश पर 40 माइक्रोन से कम मोटाई वाली पॉलीथिन , कैरीबेग बनाने और इसके विक्रय करने पर रोक लगी हुई है। इसके बाद भी बाजारों में ये आसानी से खुलेआम बिक रही है। हालांकि इनकी बिक्री में माल बेचने वालों के साथ ही खरीदारों का भी बड़ा हाथ है। चूंकि मानक स्तर की पॉलीथिन का दाम अधिक है और ये वजन में भी आम पॉलीथिन की तुलना में कम चढ़ती है, जिस कारण लोग थोड़े से पैसे बचाने के लालच में अमानक स्तर की पॉलीथिन ही खरीद रहे हैं, उन्हें इस बात का अहसास तक नहीं है कि तत्कालिक लाभ के चक्कर में वे पर्यावरण के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
बनते हैं अंजान
समाज का शिक्षित वर्ग पॉलीथिन के दुष्परिणाम को भली भांति जानता है। यहां तक कि कुछ लोग जो पालीथिन के विरुद्घ जागरूकता अभियान चलाते हैं। इनमें से ही कई लोग बड़ी शान से पॉलीथिन का उपयोग करते हैं। शिक्षित एवं जानकार लोग पॉलीथिन का जमकर प्रयोग कर रहे हैं।
ठंडा पड़ा अभियान
विभिन्न स्वंयसेवी संगठनों ने पॉलीथिन के विरुद्घ अभियान चलाया था। एक दो संगठन अभी भी अभियान चला रहे हैं। ये अभियान लगातार सिमटते जा रहे हैं। ऐसे में दिन-ब- दिन पॉलीथिन का उपयोग बढ़ता ही जा रहा है। कुछ वर्ष पूर्व लायंस क्लब ने घरों से पॉलीथिन एकत्रित करने का कार्य किया जाता था, सराहनीय पहल है। अन्य संगठनों ने पर्चे बांटकर पालीथिन को रोकने के प्रयास किए थे, लेकिन वे सार्थक सिद्घ नहीं हुए।
पशु हो रहे बीमार
कई लोग पालीथिन में घर का कचरा भर कर फेंक देते हैं। जिसमें बड़ी मात्रा में घर का बचा हुआ खाना होता है। इस खाने को कई बार पशु पॉलीथिन सहित खा लेते हैं। इससे पशू के बीमार होकर मरने की संभावना रहती है। पूर्व में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। साथ कई पशु पालीथिन भी खा जाते हैं, जिससे बड़ी संख्या में पशु बीमार होकर मर रहे हैं। नगर में नर्मदा के विभिन्न घाटों और बस स्टेंड तथा होटलों के पास सड़ी गली पॉलीथिन का ढेर लगा हुआ है।
डिस्पोजल से भी नुकसान
बदलते समय के साथ लोगों की पसंद में और वस्तुओं में भी बदलाव आ गया। आधुनिक युग में पुरानी वस्तुओं पर नई वस्तुएं भारी पड़ रही है। वर्षों से चली आ रही पत्तों की पत्तल और दोना का प्रचलन बंद सा हो गया है। इसकी जगह प्लास्टिक से बने दोने और पत्तल लोगों की पहली पसंद बन गए हैं। डिस्पोजल का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा है। इस बात की किसी को कोई फिक्र नहीं है कि इससे पर्यावरण को कितना नुकसान पहुंच रहा है। डिस्पोजल के अत्याधिक चलन से जहां प्रदूषण बढ़ रहा है वहीं नाई समाज के लोगों के समक्ष रोजी रोटी का संकट छा गया है। मजबूरन उन्हें भी अब पत्तों की दोना पत्तल के साथ प्लास्टिक के बने हुए दोना पत्तल बेचने पड़ रहे हैं। प्लास्टिक से बने दोना पत्तल से पर्यावरण तेजी से प्रदूषित हो रहा है। क्योंकि वैवाहिक कार्यक्रमों में लाखों की तादाद में डिस्पोजल उपयोग हो रहे हैं। जिससे जमीन और जानवर को खतरा बढ़ रहा है।
रोजी रोटी पर असर
कई पीढ़ियों से नाई समाज के लोगों की रोजी रोटी के साधन पत्ते के दोना पत्तल हुआ करते हैं। प्लास्टिक के डिस्पोजल आने से उनकी रोजी रोटी पर असर पड़ा है। परिवार के लोग पत्ते तोड़कर इस व्यवसाय में लगे रहते थे और उसी से उनकी रोजी रोटी चलती थी। अब कई परिवारों पर संकट है। ग्रामीण क्षेत्रों तक तेजी से डिस्पोजल का चलन हो गया है।
पत्तों की उपलब्धता है
नर्मदांचल क्षेत्र में दोने पत्तल बनाने के उपयोग में आने वाले वृृक्षों की बाहुलता है। प्रमुख रूप से पलाश, महुआ, माहुल आदि वृक्षों के पत्तों से दोने पत्तल बनते हैं, जो नर्मदा तट के आसपस प्रमुख रूप से बुदनी के जंगलों में पर्याप्त रूप से उपलब्ध हैं। दोना पत्तल के व्यवसाय ने कुटीर उद्योग का रूप ले लिया था और अभी भी ले सकता है, लेकिन प्लास्टिक के आधुनिक दोना पत्तल के प्रति जो आकर्षण बढ़ा है उससे यह कुटीर उद्योग ठप होता जा रहा है। डिस्पोजल की सामग्री ज्यादातर भोपाल से लाई जा रही है। छोटे पैमाने पर यहां कलिका नगर एवं ग्वालटोली में काम शुरू हो गया है। छोटी छोटी मशीन से दोना बनाने का कार्य किया जाने लगा है।
डिस्पोजल खा रहे पशु
सार्वजनिक कार्यक्रमों, वैवाहिक कार्यक्रम में हजारों लाखों की संख्या में जो डिस्पोजल उपयोग होते हैं, उससे पर्यावरण तो प्रदूषित होता ही है। साथ ही इनमें जो खाद्य सामग्री पड़ी हुई सड़ती है, उसे खाकर पशुओं मे ंबीमारी फैलती है। ये नालियों में पहुंचकर नालियां जाम कर देते हैं। इससे गंदगी बढ़ती है। दोना पत्तल के कारोबार से जुड़े लक्ष्मीनाराया चौहान का कहना है कि सरकार जो कन्यादान योजना चला रही है, उसमें लाखों की तादाद में डिस्पोजल उपयोग होता है। वहां यदि सरकार प्रतिबंधित कर दे तो कई लोगों को जो पत्ते के दोना पत्तल बनाते हैं उन्हें फायदा हो सकता है। स्वयं मुख्यमंत्री के क्षेत्र के कई लोग लाभान्वित हो सकते हैं। अरविंद सराठे ने बताया कि उनके पूर्वजों से दोना पत्तल का का कारोबार चला आ रहा है। अब लोग ज्यादातर डिस्पोजल मांगते हैं। इस कारण रखना पड़ता है।
बुद्घिजीवियों के विचार
सख्ती लगे रोक
पॉलीथिन और डिस्पोजल से बहुत नुकसान हो रहा है, जिसमें पॉलीथिन से जानवर के साथ वनस्पति की काफी हानि हो रही है। इसका मानवजीवन पर असर दिखने के बावजूद अब भी जागरूकता नहीं आ रही है, तब सरकार को सख्ती से रोक लगाना ही चाहिए।
-डॉ बीएस अवस्थी, पर्यावरणविद
परहेज करें लोग
पॉलीथिन से पर्यावरण को काफी नुकसान है। हर व्यक्ति को इसके उपयोग से परहेज करना चाहिए तथा जरूरी होने पर लाई गई पॉलीथिन को संभालकर रखना चाहिए। यहां तहां उड़ने से ये कचरे का रूप लेती है और नालियां जाम करती है। जमीन और जानवर को भी नुकसान पहुंचाती है। शासन को पॉलीथिन के उपयोग पर असरकारक रोक लगानी चाहिए। जन जागरूकता के कार्यक्रम निरंतर चलना चाहिए।
पं. गिरिमोहन गुरू, वरिष्ठ साहित्यकार
सड़क पर न फेंके
ये सब लोग जानते हैं कि पॉलीथिन का उपयोग ठीक नहीं है। उपयोग के बाद इसे सड़क पर फेंक देते हैं। लायंस क्लब ने पॉलीथिन के विरुद्घ बीड़ा उठाया है। वाहन घर घर जाता है लोगों को पालीथिन एकत्रित कर दे देना चाहिए।
पंडित विजय परसाई, समाजसेवी