यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ravina in STR: वनमंत्री के परिवार संग रवीना ने सतपुड़ा रिजर्व में उठाया जंगल सफारी का लुत्फ
रवीना को एसटीआर में दो अलग-अलग लोकेशन पर हुए बाघ के दीदार। पिछले माह भी रवीना सतपुड़ा टाइगर रिजर्व घूमने पहुंची थीं।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 25 Dec 2022 12:05:51 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Dec 2022 12:32:09 PM (IST)

इटारसी/होशंगाबाद, नवदुनिया प्रतिनिधि। मशहूर फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की खूबसूरती और यहां की जंगल सफारी बेहद रास आई है। इसी वजह से वे बार-बार यहां सैर सपाटे के लिए पहुंच रही हैं। इस बार उनकी जंगल सफारी में प्रदेश के वनमंत्री विजय शाह और उनका परिवार भी रवीना के साथ रहा। भोपाल में अंतरराष्ट्रीय वन मेला में हुए कार्यक्रम के बाद रवीना के साथ ही वन मंत्री शाह अपने परिवार को लेकर सीधे एसटीआर पहुंचे थे। रवीना ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की वादियों में जंगल सफारी कर वन्यप्राणियों का दीदार किया। उन्हें इस ट्रिप में भी 2 बार अलग अलग लोकेशन पर बाघ नजर आए हैं। इसके वीडियो भी उन्होंने शेयर किए हैं। रवीना के साथ मप्र के वनमंत्री विजय शाह, उनकी पत्नी भावना शाह, बेटे दिव्यादित्य शाह और बहू पद्मिनी भी साथ रहे।
गोपनीय रहा दौरा
रवीना और वनमंत्री का यह टूर बेहद गोपनीय रहा। अमले ने मंत्री जी के लिए सारे वीआइपी इंतजाम भी किए थे, लेकिन किसी को इस ट्रिप की आधिकारिक जानकारी नहीं थी। रवीना ने इस यात्रा के लिए विजय शाह और उनके परिवार का आभार जताते हुए लिखा कि....!! सतपुड़ा में सुबह-सुबह कैटी (टाइगर) ने पार किया। मप्र वनमंत्री, डॉ. कुंवर विजय शाह को इस अद्भुत यात्रा के आयोजन के लिए धन्यवाद। प्रिय भावना शाह, कुंवर दिव्यादित्य और पद्मिनी को भी सफारी में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया।
22 दिसंबर की रात को पहुंची धपाड़ा
फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन 22 दिसंबर की रात सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के लिए धपाड़ा लाज में रात्रि विश्राम करने आ गई थीं। अगले दिन शुक्रवार सुबह उन्होंने जंगल सफारी की। जिप्सी में उनके साथ वनमंत्री कुंवर विजय शाह की पत्नी भावना, बेटा-बहू भी साथ थे। सफारी की तस्वीरों का रवीना ने शेयर किया है।
विवाद में रही थी पिछली ट्रिप
पिछले माह ही रवीना टंडन की जिप्सी सफारी के दौरान एक बाघिन के बेहद करीब पहुंच गईं थी। इस मामले ने तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद एसटीआर ने जांच कमेटी भी बनाई थी, बाद में नोटिस की खानापूर्ति कर दी गई। रवीना ने इस घटना को सामान्य बताकर इंटरनेट मीडिया पर सफाई पेश की थी। विवाद के बाद पहली बार रवीना फिर एसटीआर पहुंची, लेकिन वनमंत्री का साथ मिलने से इस बार उनका दौरा वीवीआइपी हो गया।