सतपुड़ा टाइगर रिजर्व: मढ़ई में गाइड के घर मिले सांभर के सींग; एसटीआर प्रबंधन ने दर्ज किया केस
सतपुड़ा बाघ अभयारण्य के मढ़ई पर्यटन जोन में वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम सारंगपुर निवासी गोपाल वाडिवा के घर छापा मारा। तलाशी में वन्यजीव के सींग के टुकड़े मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 11:16:20 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 11:16:20 AM (IST)
नर्मदापुरम में इस तरह मिले वन्यजीवों के सींग। नईदुनिया।HighLights
- तलाशी में वन्यजीव के सींग के टुकड़े मिले
- सांभर के सींग के टुकड़े होने की संभावना
- गाइड और उसकी पत्नी का पंजीयन निरस्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। सतपुड़ा बाघ अभयारण्य (एसटीआर) के मढ़ई पर्यटन जोन में एक गाइड दंपती के घर में वन्य जीव के सींग के टुकड़े मिले हैं। अभयारण्य प्रबंधन ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को गाइड के घर पर छापा मारकर ये अवशेष बरामद किए हैं। उसके पास सिंगों के टुकड़े कैसे आए इसकी छानबीन की जा रही है।
पती-पत्नी पर मामला दर्ज
बताया जा रहा है कि वन अधिकारियों ने ग्राम सारंगपुर निवासी गोपाल वाडिवा (34) के निवास छापा मारा। तलाशी में वन्यजीव के सींग के टुकड़े बरामद कर जब्त किए गए।
संभावना जताई जा रही है कि यह सांभर की सींग के टुकड़े हैं। आरोपित पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
गाइड पंजीयन केंसिल
एसटीआर के अतिरिक्त संचालक आशीष खोबरागढ़े ने बताया कि आरोपित गोपाल एवं उसकी पत्नी मढ़ई पर्यटन जोन में गाइड के रूप में कार्यरत थे। उनकी गाइड के रूप में पंजीयन निरस्त कर दिया गया है।